बरेली: कोरोना योद्धाओं के दम पर तीन सौ बेड अस्पताल में अभी जारी रहेगी ओपीडी
सीएमओ की रिपोर्ट पर एक महीने के लिए टला सेवा समाप्त करने का फैसला
बरेली, अमृत विचार। कोरोना योद्धाओं के दम पर तीन सौ बेड अस्पताल में चिकित्सा सेवाएं अभी बरकरार रहेंगी। सीएमओ की रिपोर्ट पर शासन ने फिलहाल कोरोना के दौर में आउटसोर्सिंग के जरिए इस अस्पताल में रखे गए 52 कर्मचारियों की सेवाएं एक महीने के लिए बढ़ाने की अनुमति दे दी है।
कुतुबखाना फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होने के बाद जिला अस्पताल में मरीजों की आवाजाही मुश्किल हो जाने के बाद तीन सौ बेड अस्पताल में कई विभागों की ओपीडी शुरू की गई थी। इसके लिए जिला अस्पताल से छह डॉक्टर, दो फार्मासिस्ट और एक कर्मचारी समेत नौ लोग यहां संबद्ध किए गए थे।
बाकी व्यवस्थाएं कोरोना के दौर से ही अस्पताल में तैनात आउटसोर्सिंग स्टाफ संभाल रहा था। कुछ समय पहले शासन ने 30 जून से आउटसोर्सिंग स्टाफ की सेवाएं समाप्त कर देने का आदेश जारी किया तो अस्पताल की सामान्य चिकित्सा सेवाएं भी बंद होने की आशंका पैदा हो गई थी।
उधर, बेरोजगार होने की नौबत आने के बाद आउटसोर्सिंग कर्मचारी भी परेशान थे और एक महीने से नौकरी बचाने के लिए दर-दर भटक रहे थे। दो दिन पहले अमृत विचार में खबर प्रकाशित होने के बाद सीएमओ ने स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक को रिपोर्ट भेजकर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की सेवा अवधि बढ़ाने का आग्रह किया था। स्वास्थ्य मंत्री ने फिलहाल एक महीने के लिए उनकी सेवाएं समाप्त करने का फैसला टाल दिया है। इसके बाद कर्मचारियों में चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।
मगर हटाए जाएंगे लापरवाह कर्मचारी
शासन ने आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग को एक नई प्रक्रिया के तहत कहा है कि ठेके पर तैनात किए गए इन कर्मचारियों में उन कर्मचारियों की छंटनी की जाए जो पहले से अपनी लापरवाही के लिए चिह्नित किए गए हैं। इस आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- Bareilly: रेलवे लाइन पर मिला आइटीबीपी के जवान का शव
