रायबरेली : मानसून ने दी दस्तक, बारिश से खड़ी हुई जलभराव की दिक्कत
गर्मी से मिली राहत, पांच जुलाई तक अधिक सक्रिय रहेगा मानसून
रायबरेली, अमृत विचार। प्रदेश में मानसून की दस्तक हो गई है और इसका असर रायबरेली में भी दिखा है। पिछले 24 घंटे से मौसम बदल गया है और रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून ने जिले में इंट्री की है। सवेरे से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे पारे में गिरावट हुई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पांच जुलाई तक मध्यम और भारी बारिश हो सकती है।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के आंकड़ों में दर्ज है कि सुबह 8:30 बजे तक 27.2 एमएम बारिश दर्ज हुई।
बारिश से जगह-जगह जलभराव
रायबरेली में सुबह की बारिश से कई इलाकों में जलभराव हुआ। इस कारण अपने गंतव्य पर जाने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। बारिश से सोनिया नगर, जवाहर विहार, अंबेडकरनगर, कहारों का अड्डा, ओम नगर, निराला नगर, मुख्य सड़कों तक में जलभराव से दिक्कत हुई। कई रोड पर पानी भरने के कारण दुपहिया वालों को परेशानी हुई। बारिश बंद होने के बाद गलियों व सड़कों से पानी निकलने के बाद वे घरों से निकल सके।
कीचड़ से मोहल्ले व गालियों में दिक्कत
शहर के कई मुहल्ले की सड़कों को सीवर पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदा गया है । जिसके कारण सड़क पर मिट्टी पड़ी हुई है । जेल रोड , इंदिरा नगर समेत कई मोहल्लों की सड़कों पर मिट्टी पड़ी हुई है । बरसात के कारण इन मोहल्लों की सड़क मिट्टी के साथ कीचड़ से सराबोर हो गई है। इन मोहल्लों की स्थित ये है कि सड़कों पर चलना किसी बड़े जोखिम से कम नहीं है । इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बरसात के कारण आवागमन की सड़कें और गांव की गलियों में कीचड़ ही कीचड़ है । गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण में लालगंज , डलमऊ , दीन शाह गौरा , ऊंचाहार और रोहनिया विकास खंड की कई सड़कों और रास्तों को खोद कर उसमें मिट्टी डाली गई है । बरसात के कारण यह मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो चुकी है । जिसके कारण दर्जनों सड़कों पर आवागमन प्रभावित है ।
ये भी पढ़ें -मेक्सिको में गर्मी से इस साल अभी तक 112 लोगों की मौत, 2022 से तीन गुना अधिक
