रायबरेली: किराए पर चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों की बहुरेंगे दिन, प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के दिए निर्देश
रायबरेली/अमृत विचार। प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान शहर में किराए पर चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बिजली की दिक्कत जिले में नहीं होनी चाहिए। नए कनेक्शन और फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने में कोई हीलाहवाली न की जाए। प्रभारी मंत्री ने संपूर्ण समाधान के मामलों को एक सप्ताह में निस्तारित करने को कहा।
महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकास कार्यों की समीक्षा की। कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करने के लिए टीम बनाकर व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शहर व ग्रामीण क्षेत्रों बारिश को दृष्टिगत रखते हुए साफ-सफाई, जलभराव आदि व्यवस्थाओं को दुरूस्त रखें। उन्होंने महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
बैठक में राज्य मंत्री ने कहा कि शहर की निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए। कहा कि निर्माणाधीन जिन सड़कों का कार्य पूर्ण होने के हैं, उनपर आवागमन की सुचारू व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्य तत्काल कराए जाएं। कहा कि स्वास्थ्य एवं पेयजल जैसी सेवाओं के निर्वहन में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति में लापरवाही नहीं की जाए, जितनी बिजली सरकार दे रही है उतनी बिजली की आपूर्ति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए। राज्य मंत्री ने कहा कि समस्त उपजिलाधिकारी से कहा कि तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में आये हुई शिकायतों को तत्काल या एक हफ्ते तक स्थलीय निरीक्षण आदि कर निस्तारण कर दिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिये कि जनपद की गोशालाओं की देखभाल के लिए कार्यरत कर्मचारियों के कार्यों का नियमित रूप से अनुश्रवण किया जाए ताकि पशु इधर-उधर भटकते न मिले। उन्होंने कहा कि जहां चौपाल लगाई जाए वहां कोई पेंशन का प्रकरण न रह जाए। ग्राम सचिव की कार्य प्रणाली के सम्बन्ध में ग्राम वासियों से फीडबैक भी लिया जाए। प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने उद्योग से जुड़े उद्यमियों के साथ बैठक की।
राज्य मंत्री ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को शीर्ष प्राथमिकताओं पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि जहां फैक्ट्री आदि लगाया चाहते हैं वहां पर समस्त समुचित व्यवस्थाए सुनिश्चित कराई जाएगी। बचत भवन सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा यादव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पूजा मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीरेन्द्र सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: जमीन बंटवारे के विवाद में पूर्व एमएलसी व उनकी दो बेटियों पर हमला, अस्पताल में रहा सपाइयों का जमावड़ा
