यूपी: कांवड़ यात्रा के दौरान अधिक से अधिक चलाई जाए रोडवेज बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

कन्ट्रोल रूम से 24 घण्टे की जायेगी बसों के संचालन की निगरानी 

अमृत विचार, लखनऊ। आगामी 4 जुलाई से शुरु हो रहे श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत रोडवेज बसों के सुरक्षित संचालन और निगरानी के लिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्री विभिन्न मंदिरों में जाकर आराध्य भगवान शिव को जल चढ़ाते हैं। परिवहन निगम उनके आवागमन के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार बसों की संख्या को उपलब्ध करायें।

परिवहन मंत्री ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को क्षेत्रीय मुख्यालय पर कन्ट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिये और कहा कि यात्रा शुरु होने से समाप्त होने तक कन्ट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील रहेगा और कन्ट्रोल रूम पंजिका मेनेटेन की जायेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक, सम्बंधित मण्डलायुक्त और जिलाधिकारियों की ओर से दिये गये निर्देशों के अनुसार कार्ययोजना बनाएं और जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करें। 

रूट डायवर्जन प्लान के तहत निर्धारित मार्ग पर हो बसों का संचालन

श्रावण मास के दौरान आगरा, बरेली, मेरठ, मुरादाबाद, गाजियाबाद, अलीगढ़,सहारनपुर क्षेत्र के मार्ग मुख्य रूप से आच्छादित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सम्बंधित जिला प्रशासन द्वारा जारी रूट डायवर्जन प्लान सभी क्षेत्रीय सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को मुख्यालय से प्रेषित किया जाए। साथ ही दूरभाष से भी उनको अवगत कराया जाए। निर्धारित डायवर्जन वैकल्पिक मार्ग पर ही बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। सभी क्षेत्रीय,सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संचालित होने वाली बसों के क्रू को काउंसिलिंग करके जानकारी दें कि निर्धारित मार्ग पर ही बसों का संचालन किया जायेगा। किसी प्रकार की अव्यवस्था होने पर क्रू के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई रखने के भी दिए निर्देश

कांवड़ यात्रा के प्रारम्भ में हरिद्वार के लिए तीर्थयात्री अधिक संख्या में यात्रा करते हैं। हरिद्वार मार्ग पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की आवागमन में असुविधा न हो साथ ही लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर से वाराणसी प्रयागराज के लिए यात्री अधिक संख्या में यात्रा करते हैं। इन मार्गों पर भी बसों के सुचारू एवं पर्याप्त संचालन की व्यवस्था सम्बंधित क्षेत्रीय प्रबंधक सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय की व्यवस्था के साथ-साथ उचित साफ-सफाई रखने के भी निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्होंने बसों के अंदर भी साफ-सफाई की ब्यवस्था बेहतर करने पर जोर दिया।

ये भी पढ़ें:- लखनऊ एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस शुरु करेगा चार नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

संबंधित समाचार