शाहजहांपुर: एक महीने बाद भी पानी सप्लाई चालू न होने से पार्षदों का गुस्सा फूटा
कच्चा कटरा मोड़ पर बीच सड़क धरने पर बैठे, चार दिन का अल्टीमेटम दिया
शाहजहांपुर, अमृत विचार। महानगर में सीवरेज की खुदाई के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पांच वार्डों में पिछले एक महीने से ज्यादा समय से पेयजल सप्लाई चालू नहीं हो पाई है। अधिकारियों के आश्वासन बाद भी सप्लाई चालू न होने पर शुक्रवार को गुस्साए पांचों पार्षद कच्चे कटरा मोड़ पर बीच सड़क धरने पर बैठ गए और नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे।
पार्षदों ने उच्चाधिकारियों के आने और समस्या समाधान होने पर ही धरना समाप्त करने की घोषणा की। करीब दो घंटे बाद नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा जल निगम और सड़क की खुदाई करने वाली कंपनी के जिम्मेदारों को लेकर पहुंचे। काफी देर वार्ता के बाद पार्षदों ने चार दिन का अल्टीमेटम देकर धरना समाप्त कर दिया। अब मंगलवार तक पानी सप्लाई चालू नहीं हुई तो पांचों पार्षद वार्ड की जनता के साथ आंदोलन करेंगे।
महानगर के पांच वार्डों क्रमश: मोहम्मदजई, बाबूजई, कच्चा कटरा, बिजलीपुरा और हुंडालखेल में पिछले करीब एक महीने से ज्यादा समय से पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है, जिससे मोहल्लेवासी परेशान हैं। परेशानी होने पर मामले की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की गई थी, लेकिन इसके बाद भी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया। समस्या दिन पर दिन गहराती गई। धीरे-धीरे लोग एक-एक बूंद पानी को तरसने लगे।
अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बाद भी अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मोहल्लों में करीब डेढ़ लाख से ज्यादा लोग पेयजल सप्लाई न मिलने से परेशान हैं, लेकिन उनकी परेशानी से किसी को सरोकार नहीं है। पार्षदों ने बताया कि नगर निगम में शिकायत करने पर पानी के दो टैंकर भेजे जाते हैं, जिससे कतई राहत नहीं है। वजह है कि टैंकर देखते देखते खाली हो जाते हैं और दोबारा आने में कई दिन लग जाते हैं।
पार्षदों ने कहा कि लोगों की शिकायतों पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पार्षद इस बात से ज्यादा नाराज थे कि मंगलवार को नगर आयुक्त से वार्ता के दौरान दो दिन में पेयजल सप्लाई का आश्वासन मिला था, लेकिन तीन दिन बीत गए और शुक्रवार को भी पेयजल सप्लाई नहीं मिली।
इससे मोहल्ले वालों की परेशानी देखकर हुंडालखेल के पार्षद दिवाकर मिश्रा के नेतृत्व में मोहम्मदजई के पार्षद प्रदीप सक्सेना, बाबूजई के विपिन यादव, कच्चा कटरा के विजय वर्मा और बिजलीपुरा के चारू गुप्ता ने शुक्रवार को पूर्वान्ह करीब 11 बजे से प्रदर्शन करते हुए कच्चा कटरा मोड़ पर धरने पर बैठ गए।
उनकी मांग थी कि मोहल्ले में तत्काल पेयजल सप्लाई सुचारु की जाए। पार्षदों के बीच सड़क पर धरने पर बैठने से जाम लगने लगा। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की तो पार्षदों ने कहा कि जब तक उच्चाधिकारी खुद आकर समस्या का समाधान नहीं करेंगे, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
दो घंटे बाद करीब एक बजे नगर आयुक्त संतोष शर्मा और जलकल अभियंता व सीवरेज की खुदाई में लगी कंपनी के सुपरवाइजर पहुंचे। पेयजल सप्लाई चालू न करने के पीछे कारण बताने लगे। इस पर नगर आयुक्त ने पार्षदों से तीन दिन का समय मांगा। पार्षदों ने कहा कि चार दिन का समय देते हैं, लेकिन इस बार सप्लाई हर हाल में चालू हो जाए। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक सप्लाई चालू नहीं की गई तो वह लोग वार्डों की जनता के साथ विशाल आंदोलन करेंगे। नगर आयुक्त के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया।
समस्या को लेकर सपा जिलाध्यक्ष भी जता चुके हैं नाराजगी
वार्डों में पेयजल की समस्या को लेकर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां भी नगर आयुक्त से नाराजगी जता चुके हैं। 23 जून को सपा जिलाध्यक्ष की नगर आयुक्त से हुई मोबाइल पर हुई वार्ता में भी तीन दिन में पेयजल सप्लाई चालू करने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
मोहल्लों में पेयजल सप्लाई बाधित चल रही है। जल निगम के अधिकारी लीकेज का पता लगा रहे हैं, लेकिन मिल नहीं पा रहा है। कई अन्य तकनीकी दिक्कतों के कारण पेयजल सप्लाई चालू नहीं हो सकी है। प्रयास है कि सोमवार तक हर हाल में इन मोहल्लों में पेयजल सप्लाई चालू कर दी जाएगी---संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त।
