शाहजहांपुर: आवेदन 1700, ट्रांसफर हुए 416, जिले को मिले मात्र 107 शिक्षक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेसिक शिक्षा विभाग में अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी

शाहजहांपुर, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग में जून माह में होने वाले शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण में इस बार जिले में आए लगभग 1700 आवेदन पत्रों के सापेक्ष मात्र 416 तबादले ही किए गए हैं। जबकि गैर जनपदों से मात्र 107 शिक्षक ही ट्रांसफर होकर आ रहे हैं। इससे जाहिर है कि इस बार शिक्षण कार्य जरूर प्रभावित होगा।

वहीं, शासन की ट्रांसफर पॉलिसी पर शिक्षक नेताओं ने असंतोष जाहिर किया है। उनका कहना है कि जब शासन स्तर से पुरुष शिक्षकों के लिए पांच वर्ष और महिला शिक्षकों के लिए दो वर्ष की सेवाओं पर ट्रांसफर निर्धारित करने की नीति अपनाई गई थी, तब इस श्रेणी में आने वाले सभी आवेदक शिक्षक-शिक्षिकाओं के स्थानांतरण क्यों नहीं किए गए। अपने गृह जनपद जाकर शिक्षक स्वस्थ मनोदशा से शिक्षण कार्य करता।

अब उसे फिर अगले वर्ष की प्रतीक्षा करनी होगी, तब भी उनका स्थानांतरण हो जाएगा, इसकी भी कोई गारंटी नहीं है। शिक्षक नेताओं का कहना है कि सरकार को ट्रांसफर पॉलिसी में कुछ शिथिलताएं बरतनी चाहिए और जो बातें पॉलिसी में शामिल हैं, उन पर शत-प्रतिशत अमल किया जाना चाहिए। फिर उसमें अगर-मगर की शर्तें थोपना उचित नहीं कहा जा सकता।

उनका कहना यह भी कहना है कि जिन जनपदों से अधिक शिक्षक स्थानांतरित हो रहे हैं और वहां गैरजनपदों से कम आ रहे हैं, तो उसकी भरपाई के लिए नई भर्ती की जानी चाहिए। जिन शिक्षकों ने आवेदन किया है, उन सभी का स्थानांतरण उनके गृह जनपद में होना ही चाहिए।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: ट्राली के नीचे आने से मजदूर की मौत, पुलिस के खिलाफ परिजनों को फूटा गुस्सा

संबंधित समाचार