बरेली: बिना नवीनीकरण कराए दो माह से चल रहा आर्य समाज अनाथालय
अफसरों को कमरों की स्थिति बद से बदतर मिली
बरेली, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के आर्य समाज अनाथालय का हाल बुरा है। करीब दो माह का समय गुजरने के बाद भी अभी तक इसका नवीनीकरण नहीं कराया गया। कई नोटिसों के बाद भी जवाब नहीं मिलने को लेकर जिला कमेटी ने मामले का संज्ञान लिया। शुक्रवार को कमेटी में शामिल अधिकारियों ने अनाथालय का निरीक्षण किया। गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। अनाथालय के कमरों की स्थिति बद से बदतर मिली। नवीनीकरण को लेकर सोमवार तक का समय दिया गया है।
वहीं, बार्न बेबी फोल्ड का भी निरीक्षण किया गया। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। हालांकि, नवीनीकरण इसका भी नहीं है। प्रक्रिया चल रही है। जिला कमेटी ने राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का भी मुआयना किया। जिला कमेटी में शामिल एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय ने बताया कि अनाथालयों में रह रहे बालक-बालिकाओं की सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाएं देखी गईं।
जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार ने बताया कि आर्य समाज अनाथालय करीब दो माह से बिना नवीनीकरण के चल रहा है। प्रधान ओंकार इसका संचालन कर रहे हैं। उन्हें जल्द से जल्द नवीनीकरण को कहा गया है। पांच साल में एक बार नवीनीकरण कराया जाता है। अध्यक्ष बाल कल्याण समिति दिनेश चन्द्र, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड डॉ. डीएन शर्मा, सीओ प्रथम श्वेता यादव, संरक्षण अधिकारी, काउंसलर आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं को राहत, रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन
