बरेली: उठा सवाल, बड़ी कार्रवाई से परसाखेड़ा चौकी इंचार्ज को क्यों रखा गया अलग?
बड़ा बाईपास पर मेरठ और संभल की तरह काटी जा रही थीं चोरी की गाड़ियां, बेखबर बनी हुई थी चौकी पुलिस
बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। सीबीगंज थाने की परसाखेड़ा चौकी इलाके में बड़े पैमाने पर चोरी की गाड़ियां काटने का धंधा चल रहा था लेकिन बृहस्पतिवार को जब एसओजी ने यहां छापा मारकर कार्रवाई की तो परसाखेड़ा चौकी इंचार्ज नदारद हो गए। इस पर सवाल भी उठे लेकिन अफसरों ने उनकी अनदेखी कर दी। जबकि खुद इंस्पेक्टर सीबीगंज के मुताबिक बड़ा बाईपास पर यह धंधा मेरठ और संभल की तरह बड़े पैमाने पर चल रहा था। चोरी की बाइक और कारों को सिर्फ आधे घंटे के अंदर काटकर एक-एक पार्ट अलग कर दिया जाता था।
थाना प्रभारी अशोक कुमार कंबोज के मुताबिक बड़ा बाईपास पर चोरी की गाड़ी काटने की सूचना मिलने के बाद वहां थाने के सिपाही संजय सिंह को निगरानी के लिए लगाया गया। उच्चाधिकारियों और एसओजी जानकारी दी गई। कई लोगों के नंबर सर्विलांस पर लगाए गए। बुधवार रात सीबीगंज के टियूलिया के नईम डेंटर की वर्कशॉप पर दबिश दी गई। जहां चार कारों के पार्ट्स बरामद किए गए। परसाखेड़ा चौकी पुलिस को इस पूरी कार्रवाई की भनक नहीं लगी।
इंस्पेक्टर के मुताबिक नईम डेंटल लंबे समय से चोरी की गाड़ियां खरीदकर उन्हें काट रहा था। उसे एक गाड़ी काटने के पांच हजार रुपये मिलते हैं। अलीम और जावेद को वह तीन सौ रुपये गाड़ी के हिसाब से पेमेंट करता था। आलिम और जावेद इतने माहिर है कि लग्जरी गाड़ियों को आधे घंटे में ही काटकर अलग कर देते थे। इंजन नंबर से पता चला कि दो कार गाजियाबाद से चोरी की गई थीं। एक इंजन से उसका नंबर मिटा दिया गया था। पुलिस ने नईम अहमद, जावेद, अलीम, मुनीर हुसैन, बेचेलाल, रामअवतार, रिंकू लाल उर्फ नईम को गिरफ्तार किया था। शानू उर्फ तनवीर, राजू उर्फ फहीम और गुलजार फरार हैं।
करोड़ों की हैसियत बना चुका है बेचेलाल कबाड़ी
पुलिस की पूछताछ में सीबीगंज के बेचेलाल कबाड़ी ने बताया कि वह कारों की सीट, मैट, कवर पहिए, रिम आदि सामान खरीद लेता था ताकि वे चोरी का माल आसानी से ठिकाने लगा सकें। बेचेलाल का गोदाम नईम डेंटर के गोदाम से कुछ ही दूर है। शातिर बेचेलाल गोदाम के बाहर खतरनाक कुत्ते रखता है ताकि कोई आसपास न फटक पाए। उसका रामपुर रोड पर भी एक गोदाम है। दबिश के दौरान गोदाम से एक टाटा मैजिक भी बरामद हुआ जिसमें चोरी का सामान लादकर बेचने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आशंका जताई कि बेचेलाल ने करोड़ों की संपत्ति इसी धंधे से अर्जित की है। बड़ा बाइपास पर महंगी जमीन खरीद कर गोदाम बनाया है। वहीं से पूरा खेल चलता था।
मोटर पार्ट्स की दुकान पर भी बिकता है चोरी का माल
किला के कटघर में रहने वाले रिंकू लाला उर्फ नईम को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रिंकू लाला की इस्लामिया रोड पर मोटर पार्ट्स की दुकान है जहां वह नईम डेंटर और बेचेलाल कबाड़ी से खरीदकर चोरी का माल भी बेचता है। बताया जा रहा कि तीनों ने पूरा नेटवर्क बना रखा है। कौन सी गाड़ी कहां से चुरानी है, कब कटनी है और उसका माल कैसे-कैसे बेचा जाना है, यह सब इन लोगों को पता रहता है।
ये भी पढ़ें- बरेली: बिना नवीनीकरण कराए दो माह से चल रहा आर्य समाज अनाथालय
