अयोध्या : पौने दो करोड़ की लागत से बने 10 पंचायत भवन अब हुए बेकार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 लाखों के उपकरण भी निष्प्रयोज्य हुए, नगर पंचायत ने जड़ा ताला

पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। करीब पौने दो करोड़ की लागत से निर्मित 10 पंचायत भवन बेकार साबित होने के कगार पर हैं। इतना ही नहीं इन पंचायत भवनों के लिए खरीदी गई लाखों की सामाग्री भी निष्प्रयोज्य साबित हो रही है। 
  
मसौधा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पिपरी, भदरसा बाहर, नैपुरा, दोस्तपुर, मिर्जापुर निमोली, कैल, विनायकपुर, कल्याण भदरसा, नंदीग्राम को नए परिसीमन में नगर पंचायत में शामिल किया गया है। नए परिसीमन के बाद ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों पर नगर पंचायत ने ताला जड़ दिया है। जिसके चलते अब पंचायत भवनों के रखरखाव सहित उसने रखे गए कंप्यूटर इंटरनेट कुर्सी मेज समेत तमाम सामान अब बेकार होने के कगार पर हैं। पंचायत भवनों में पुस्तकालय भी खोले गए थे। पुस्तकालय पर बच्चों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की जाती थी लेकिन वह भी बंद हो गई है। यहां के निर्वाचित सभासदों ने ईओ और एडीएम प्रशासन से इसे तत्काल खाली करवाए जाने की मांग की है। बताते चलें कि  एक पंचायत भवन के निर्माण में 15 लाख 45 हजार की धनराशि खर्च हुई। 

एक पंचायत भवन पर सामान खरीद के लिए 3 लाख खर्च किया गया। जिसमें इनवर्टर, बैटरी सीसीटीवी कैमरा, अलमारी, कुर्सी, मेज आदि शामिल हैं। वहीं पुस्तकालयों में किताबों की खरीद पर 2 लाख खर्च किए गए हैं। नगर पंचायत की पहली बैठक में ही इसका मुद्दा उठा लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। 

सभासद बोले वार्डों को दिए जाए भवन 
बीबीपुर आंशिक समेत 10 ग्राम पंचायतों के वार्डों से जीते सभासद पूर्व प्रधान नंदीग्राम व भरतकुंड के सभासद रामकृष्ण पांडे कहते हैं कि नगर पंचायत के ईओ द्वारा भाजपा सभासदों को परेशान करने की नियत से पंचायत भवनों में ताला जड़ दिया गया। इन्हें वार्डों के लिए खोला जाना चाहिए। सभासदों ने बताया कि एक पंचायत भवन के निर्माण के साथ सामान की खरीद और पुस्तकालय खोलने तक करीब 20 लाख रुपए सरकार के खर्च हो गए और अब पंचायत भवन  ताला लगा दिया गया। सांसद अयोध्या लल्लू सिंह से भी कहा गया है। उन्होंने एडीएम प्रशासन को पत्र लिखा है लेकिन अभी कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इसी तरह की मांग सभासद सुषमा, संजीव कुमार, शिल्पी गुप्ता यास्मीन बानो, प्रेम मौर्या, रामकरन  मौर्या, पूर्णिमा गुप्ता, विमला, आकाश पांडे , बादामा देवी, समरजीत निषाद, किया है।

क्या कहते हैं नगर पंचायत के ईओ 
नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा के ईओ इंद्र प्रताप ने बताया कि ब्लॉक से ग्राम पंचायतों को हैंड ओवर करते समय पंचायत भवनों में ताला लगा दिया गया है लेकिन उसके संचालन की व्यवस्था भी की जाएगी। शासन के निर्देश का इंतजार किया जा रहा है।

क्या कहते हैं एडीओ पंचायत 
एडीओ पंचायत मसौधा जीशान हैदर हैदर ने बताया कि नगर पंचायत में शामिल ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत के ईओ को हैंड ओवर कर दिया गया है। अब वह पंचायत भवन को कैसे संचालित करेंगे उनकी जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ें -Railway News : गोरखपुर अयोध्या पैसेंजर ट्रेन का ब्रेक जाम, मचा हड़कंप

संबंधित समाचार