बरेली: पुलिस की वर्दी पहनकर रौब दिखाने वाला गिरफ्तार
युवक ने हरदोई में खुद को बताया तैनात, जांच में निकला फर्जी
बरेली, अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र में सुभाष चौराहा सिविल लाइंस प्रयागराज निवासी रोहित राठौर वर्दी पहनकर रौब दिखा रहा था। शक होने पर पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने खुद को हरदोई में तैनात होने की बात कही। पुलिस ने जब जांच की तो वह फर्जी पाया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार को सूचना मिली कि एक युवक त्रिमूर्ति तिराहे पर पुलिस की वर्दी पहन कर घूम रहा है। जो खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही बता रहा है। सूचना पर दरोगा राजेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पर रोहित वर्दी पहने घूम रहा था। संदेह होने पर पूछताछ की तो वह गुमराह करने लगा।
पुलिस ने जब उससे उसकी तैनाती पूछी तो उसने खुद को 2020 बैच का पुलिसकर्मी बताते हुए वर्तमान में पुलिस लाइंस हरदोई में तैनात होना बताया। उसने अपना पीएनओ नंबर भी बताया। पुलिस की जांच में पीएनओ नंबर कार्तिक चौधरी का पाया गया, जो मौजूदा समय में उन्नाव में तैनात है। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढे़ं- बरेली: सिविल सर्विस की तैयारी कर रही महिला के एडिट कर बनाए अश्लील फोटो, अब कर रहा ब्लैकमेल
