Jalaun News : मंदिर में रहने वाले युवक का खून से लथपथ मिला शव, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में मंदिर पर रह रहे युवक का खून से लथपथ शव मिला।

जालौन में मंदिर पर रह रहे युवक का खून से लथपथ शव मिला। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

जालौन, अमृत विचार। शनिवार सुबह कदौरा थाना क्षेत्र के बखत बाबा मंदिर में युवक का खून में लथपथ शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना के बावत आला अधिकारियों को अवगत कराया। सीओ कालपी, फॉरेंसिक टीम लेकर मौके पर पहुंचे। आवश्यक जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना व मरगांय के बीच बखत बाबा का मंदिर है। बताया जा रहा है कि यहां पर एक पुजारी रहता था उसी के साथ ग्राम बबीना निवासी राजकुमार यादव 35 वर्ष रहता था। सुबह के समय जब ग्रामीण मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो उसका शव खून से लथपथ अवस्था मे बाहर पड़ा मिला। वहां पर पुजारी नहीं था। यह देखकर वहां सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और मृतक के परिवार को सूचना दी। सूचना पर बदहवास हालत में पहुंचे परिजन शव देखकर दहाड़ मारकर रो पड़े।

सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सीओ देवेंद्र  पचौरी फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किये। सीओ देवेंद्र पचौरी ने बताया कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। मृतक के परिजनों ने तहरीर दे दी है, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।

संबंधित समाचार