केजरीवाल ने PM मोदी पर साधा निशाना, महंगाई के लिए उन्हें ठहराया जिम्मेदार
ग्वालियर। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें देश में चल रही महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह देश में चल रही धन की लूट का नतीजा है। केजरीवाल ने यहां मेला ग्राउंड में रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘दिल्ली एवं पंजाब में बिजली का बिल शून्य है और 24 घंटे बिजली आती है।
मध्यप्रदेश में 200 यूनिट बिजली का बिल 2,000 रूपये आता है और 10-10 घंटे बिजली नहीं आती। मैंने दिल्ली में बिजली मुफ्त की तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाराज हो गए। कहते हैं मैं मुफ्त की रेवड़ी बांट रहा हूँ। मोदी जी यदि मैं मुफ्त की रेवड़ी बांट रहा हूं तो आपको क्या तकलीफ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने दिल्ली वालों के हाथों में सात मुफ्त की रेवड़ी रख दी। इनमें मुफ्त और 24 घंटे बिजली, मुफ्त और साफ पानी, मुफ्त तीर्थ यात्रा, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर, शानदार स्कूल बनाकर मुफ्त शिक्षा, शानदार मोहल्ला क्लीनिक-अस्पताल बनाकर मुफ्त इलाज और युवाओं के लिए 12 लाख रोजगार का इंतजाम शामिल हैं।’’
केजरीवाल ने वहां मौजूद जनता से पूछा, ‘‘मध्य प्रदेश के लोगों को भी ये सात मुफ्त की रेवड़ी चाहिए या नहीं।’’ इस पर वहां मौजूद जनता ने जोर से आवाज दी, ‘‘चाहिए’’। केजरीवाल ने मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा नीत केन्द्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘पूरे देश में इतनी महंगाई क्यों हो गई। सरकारी खजाने की इन्होंने (मोदी सरकार) लूट मचा रखी है। अपने दोस्तों में पैसे लुटा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि मोदी जी ने इतनी महंगाई कर रखी है कि लोगों के घर के खर्चे नहीं चलते।
केजरीवाल कहा, ‘‘मोदी जी आप आम आदमी पार्टी से क्यों परेशान हैं। मैंने तो मुफ्त की रेवड़ी देकर लोगों के चेहरों पर खुशियां ला दी।’’ आप नेता ने कहा, ‘‘मोदी के मुंबई के एक मित्र ने 34,000 करोड़ रूपये का कर्ज लिया और गुजरात के दूसरे ने मित्र ने 22,000 करोड़ रूपये का। मोदी जी ने इनका सारा कर्ज माफ कर दिया। ये आपके टैक्स का पैसा है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘जिस मित्र के मोदी जी ने 34,000 करोड़ रूपये माफ किए, क्या मुफ्त में माफ किए।
कुछ तो लिया होगा…। बता रहें हैं कुल मिलाकर 11 लाख करोड़ रूपए माफ कर दिए मोदी जी ने। बेईमानी करें मोदी जी, जेल भेजें मनीष सिसोदिया को। स्कूल बनाये थे सिसोदिया ने।’’ केजरीवाल ने कहा कि एक अध्यापक का बेटा मनीष सिसोदिया गरीबों के बच्चों को पढ़ाने निकला था। सिसोदिया ने दिल्ली में जगह-जगह शानदार सरकारी स्कूल बनवाये और आज वो जेल में हैं और बेईमान खुलेआम घूम रहे हैं।
इसके बाद उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से मोदी पर निशाना साधते हुए चौथी पास एक राजा का दृष्टांत देते हुए एक कहानी सुनाई और कहा कि किसी देश का राजा अनपढ़, भ्रष्ट एवं अहंकारी हो तो एक महान देश भी कैसे डूब जाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने भाजपा एवं कांग्रेस को उखाड़ फेंका।
पंजाब के लोगों ने भी भाजपा, कांग्रेस एवं शिरोमणी अकाली दल को उखाड़ फेंका। एक मौका आम आदमी पार्टी को मध्यप्रदेश में दे दो। आप इस मामा (मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान) एवं उसके चेले चपाटों को भी भूल जाओगे।
यह भी पढ़ें- गुजरात हाईकोर्ट ने की सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ की जमानत याचिका खारिज
