मुरादाबाद : दहेज का दंश...महिला ने पति, सास-ससुर समेत चार के खिलाफ लिखाया मुकदमा, जानिए पूरा मामला
विवाह के तीन महीने में टूट गए रिश्ते, बहू को मारपीट कर सास-ससुर ने घर से निकाला
मुरादाबाद, अमृत विचार। लाइनपार पुतलीघर रोड मझोला की उपासना कुमारी ने पति मुदित, ससुर उमेश कुमार, सास लज्जावती, देवर उदित कुमार के विरुद्ध महिला थाने में मुकदमा लिखाया है। पुलिस को उसने बताया कि उसका विवाह 26 जनवरी 2023 को ही उमेश के बेटे मुदित से हुआ था। उसकी ससुराल अमरोहा जिले में थाना डिडौली गांव सरकड़ी अजीज में हैं।
ससुराल वाले वर्तमान में नोएडा सेक्टर-62 के बी-ब्लॉक के सृजन अपार्टमेंट फ्लैट नंबर-32 सी में रहते हैं। उपासना ने पुलिस को बताया कि उसके पिता भोपाल सिंह ने विवाह में 10 लाख रुपये नकद, वेन्यू कार, कपड़े व जेवरात दिए थे। बारात के स्वागत आदि में 30 लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन, ससुराल वाले दान-दहेज से खुश नहीं थे। सास लज्जावती, ससुर उमेश कुमार कहते थे कि उनका बेटा मुदित सरकारी नौकरी में बड़े पद पर है, उस हिसाब में तुम्हारे पिता ने विवाह में दहेज नहीं दिया है। यही बात देवर उदित कुमार भी दोहराता था। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले शारीरिक मानसिक उत्पीड़न कर उससे अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट करते थे।
देवर से संबंध बनाने का दबाव बना है ससुर
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि विवाह के बाद पति मुदित व उससे कभी पति-पत्नी के रिश्ते नहीं निभाए। ससुर उमेश कुमार बेटे मुदित काे जन्म से नपुंसक कहते हैं। ससुर देवर उदित से संबंध बनाने को कहते थे। उदित उससे अश्लील हरकतें करता था और जबरन संबंध बनाने का प्रयास करता था। विरोध करने पर महिला को मारते-पीटते थे। ससुराल के वर्ताव को किसी से न बताने का भी दबाव बनाते थे। देवर से संबंध न बनाने और महिला के विरोध करने पर ससुराल वालों ने उसे 23 अप्रैल को भी मारा पीटा और वह जो कपड़े पहने थी, उसी पहनावे में उसे घर से बेदखल कर दिया। ससुराल की प्रताड़ना से रोती-बिखलती बेटी घर पहुंची और मां-पिता का हाल बताया।
देवर ने चाकू से किया जानलेवा हमला
बिटिया की व्यथा सुनकर पिता भोपाल सिंह बीमार पड़ गए और इलाज के लिए उन्हें गंगाराम अस्पताल दिल्ली में भर्ती कराना पड़ा। पिता के स्वस्थ होने पर ससुराल वालों को 28 मई के दिन बातचीत करने के लिए मुरादाबाद स्थित घर बुलाया गया, जहां बातचीत के दौरान बिटिया के ससुराल वाले आगबबूला होकर मायके में ही ससुराल वालों ने लात-घूसों से मारा। देवर उदित ने जान से मारने की नियत से महिला पर चाकू से हमला बोल दिया। महिला के पिता के शोर मचाने पर मुहल्ले के लोग आ गए। घटना की खबर मझोला थाने में दी गई, लेकिन पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा।
उपासना कुमारी के मामले में उसके पति मुदित, ससुर उमेश कुमार, सास लज्जावती, देवर उदित कुमार के विरुद्ध मुकदमा लिखा है। इस मामले में अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। पूरे मामले की विवेचना शुरू की गई है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।- दीपा त्यागी, थानाध्यक्ष-महिला थाना
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : विशेषज्ञों की सलाह से विकसित होगा साबरमती जैसा रिवरफ्रंट
