गुरू पूर्णिमा पर शरद पवार ने अपने गुरू यशवन्तराव चव्हाण को दी श्रद्धांजलि 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कराड (महाराष्ट्र)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार सोमवार को कराड में अपने गुरु एवं महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवन्तराव चव्हाण के स्मारक पर पहुंचे और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। पवार (82) गुरु पूर्णिमा के मौके पर और अजित पवार द्वारा राकांपा का विभाजन करने के एक दिन बाद यशवन्तराव चव्हाण के स्मारक पर पहुंचे। 

गौरतलब है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने एकनाथ शिंदे नीत महाराष्ट्र सरकार में रविवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, वहीं पार्टी के आठ अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली थी। इसे राकांपा के संस्थापक शरद पवार के लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। शरद पवार ने 24 वर्ष पहले राकांपा की स्थापना की थी। 

शरद पवार ने रविवार को कहा था कि वह अपने भतीजे अजित पवार के विद्रोह से विचलित नहीं हुए हैं और लोगों के बीच जाकर नई शुरुआत करेंगे। वह सोमवार को सुबह पुणे से कराड के लिए रवाना हुए और रास्ते में कई समर्थकों से मिलने के लिए रुके जो सड़क के किनारे उनका स्वागत करने और उन्हें समर्थन देने के लिए एकत्रित हुए थे। कराड में शरद पवार का हजारों समर्थकों और स्थानीय विधायक बालासाहेब पाटिल ने स्वागत किया। कराड से नाता रखने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण भी उनके साथ मौजूद थे। 

ये भी पढ़ें- Maharashtra Political Crisis: अजित पवार के घर पर बड़ी बैठक, शरद पवार के समर्थन में सतारा में जुटी भीड़

 

संबंधित समाचार