Kanpur News: गंगा के जलस्तर में हो रहा उतार-चढ़ाव, हरिद्वार और नरौरा डैम से लगातार छोड़ा जा रहा पानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में गंगा के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है।

कानपुर में गंगा के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। हरिद्वार और नरौरा डेम से पानी छोड़ा जा रहा है।

कानपुर, अमृत विचार। गंगा का जलस्तर रविवार सुबह तेजी से बढ़कर चेतावनी बिंदु तक पहुंच गया, लेकिन शाम को गिरकर वापस 110.26 मीटर पर आकर स्थिर हो गया। यही हाल शुक्लागंज गेट का रहा। यहां पर जलस्तर पर उतार-चढ़ाव होता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही ग्रामीण भी जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। शाम जलस्तर गिरने पर सभी ने राहत की सांस ली। अधिकारियों के मुताबिक अभी पीछे से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इस वजह से जलस्तर में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

बैराज पर हरिद्वार और नरौरा डेम से पानी पहुंच रहा है। पहाड़ी इलाकों में अभी बारिश थमी नहीं है। वहां पर लगातार बारिश होने से पानी को छोड़ा जा रहा है। चौथे दिन भी बैराज से पानी छोड़ा गया। बैराज से 22,682 क्यूसेक पानी शुक्लागंज की ओर छोड़ा गया। जिससे वहां का जलस्तर 109.21 मीटर पहुंच गया।

शनिवार की अपेक्षा मामूली गिरावट हुई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर में गिरावट जारी होने की उम्मीद कम है। हरिद्वार और नरौरा डेम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अभी सचेत रहने की जरूरत है। अगर पहाड़ी इलाकों में बारिश बंद नहीं हुई तो जलस्तर तेजी से बढ़ेगा।

रविवार शाम को नरौरा से 9,968 क्यूसेक और हरिद्वार से 43,735 क्यूसेक पानी बैराज पर पहुंच जाएगा। इस वजह से सोमवार को भी जलस्तर बढ़ेगा। ग्रामीण जलस्तर को लेकर सचेत हैं। ग्रामीणों ने जरूरत का सामान ही बाहर रखा है। बाकी सामान पैक कर दिया है, ताकि अगर बाढ़ की स्थिति हो तो वे सामान समेत निकल सकें।

रविवार सुबह गंगा का जलस्तर

अपरस्ट्रीम में जलस्तर- 113.00 मीटर

डाउनस्ट्रीम में जलस्तर- 110.260 मीटर

शुक्लागंज में जलस्तर- 109.210 मीटर

नरौरा से डिस्चार्ज- 9,968 क्यूसेक

हरिद्वार से डिस्चार्ज- 43,735 क्यूसेक

कानपुर से डिस्चार्ज- 22,682

संबंधित समाचार