मुरादाबाद : नौकरी मिली न वापस रुपये, सउदी अरब में भीख मांगी, ठेकेदार ने भी पीटा
दो लाख रुपये लेकर आरोपी नौकरी दिलाने सऊदी अरब ले गए, आरोपी ने इस्माइल को लोहे की पाइप से पीटा, पुलिस ने नहीं सुनी
मुरादाबाद, अमृत विचार। नौकरी के लालच में धन गंवाया और विदेश पहुंचे तो भीख मांगकर भूख मिटाई। ठेकेदार से नौकरी के संबंध में पूछा तो लोहे की राड से मार मिली। किसी तरह से जब घर लौटा तो पुलिस ने भी नहीं सुनी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अर्जी पर सुनवाई कर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। तब पुलिस ने दो के विरुद्ध केस दर्ज किया। मामला मूंढापांडे थाने के सीकमपुर पांडे उर्फ खपरैल की मिलक के इस्माइल का है। उन्होंने जालसाजी व मारपीट के आरोप में भोजपुर के अटरिया के जाहिद और उसके भाई रहमत को नामजद किया है।
इस्माइल ने दी तहरीर में बताया कि अगस्त 2022 में उसकी मुलाकात जाहिद व रहमत से हुई थी। दोनों ने दो लाख रुपये में सऊदी अरब में नौकरी लगवाने की बात कही। जिसपर इस्माइल के परिवार वालों ने जेवर बेचकर पहले 75 हजार रुपये दोनों को दिए। रहमत ने उससे पासपोर्ट-वीजा व अन्य कागजात बनवाने व बाकी रुपयों का इंतजाम करने की बात कही।
जाहिद ने दिल्ली में उसका मेडिकल कराया। फिर बरेली में दस्तावेज तैयार करवाने में उसके 12 हजार रुपये खर्च हुए। उधर, इस्माइल के घर वालों ने दो महीने बाद बाकी 1.25 लाख रुपये जाहिद को दिए। बताया कि तीन नवंबर 2022 को वह सऊदी अरब के दमाम शहर पहुंच गया। कई दिन बीतने के बाद भी कोई काम नहीं मिला। पूछने पर रहमत टालता रहा।
पैसा खत्म होने पर भीख मांग कर किसी तरह से इस्माइल ने दिन गुजारे। रहमत से मुलाकात हुई तो उसने लोहे की पाइप से मारापीटा। बताया कि किसी तरह से घर वालों से संपर्क हुआ और तो 25 जनवरी को वापस आया। यहां आकर जाहिद से रुपये मांगे तो काफी जद्दोजहद के बाद उसने 48 हजार रुपये लौटाए। पुलिस में शिकायत की, मगर सुनवाई नहीं हुई। बाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां अर्जी लगाई। उनके आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया। थाना प्रभारी मूंढापांडे दीपक कुमार ने कहना है कि इस्माइल की तहरीर पर केस दर्ज किया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : छुट्टियों के बाद खुले स्कूल, हाय-हेलो में गुजरा पहला दिन
