मुरादाबाद : छुट्टियों के बाद खुले स्कूल, हाय-हेलो में गुजरा पहला दिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में पहले दिन कम रही उपस्थिति

मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मियों के अवकाश के बाद सोमवार को प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल खुल गए। छुट्टियां बिताने के बाद लौटे विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। विद्यार्थियों के पहुंचने पर स्कूलों में रौनक लौट आई। वहीं विद्यार्थियों का पहला दिन हाय-हेलो में ही गुजर गया। लेकिन, बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में पहले दिन बहुत कम उपस्थिति रही।

जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 1401 विद्यालय है। जिनमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। गर्मियों के अवकाश के बाद सोमवार से स्कूलों में विद्यार्थी तो लौटे,लेकिन अधिकांश विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम ही रही। कंपोजिट विद्यालय दांग में 24, प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर ध्यान सिंह में 22 समेत अन्य स्कूलों में भी बच्चों की उपस्थिति कम रही। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग और कुछ सीबीएसई स्कूल भी सोमवार से खुल गए। यहां भी बच्चों की उपस्थिति कम ही रही। राजकीय हाईस्कूल, बहोरानपुर कला के प्रधानाचार्य प्रीतम सिंह ने बताया कि ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूलों में पहला दिन था, इसलिए विद्यार्थियों की संख्या कम रही। अब आगे लगातार विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ती जाएगी।

बिना ड्रेस और किताबों के पहुंचे बच्चे
परिषदीय विद्यालयों में इस बार सभी बच्चों को एक साथ किताबों का सेट देने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन, धरातल पर स्थिति कुछ ओर ही रही। इस बार भी बच्चों को किस्तों में किताबें मिल रही हैं। उसमें भी कक्षा एक से तीन तक के बच्चों को अभी भी सारी किताबें मिलने का इंतजार है। अभी तक यूनिफार्म के पैसे भी बच्चों के माता-पिता के खाते में नहीं आए हैं। जिस वजह से बच्चों को पुरानी ड्रेस पहनकर ही स्कूल आना पड़ रहा है।
बजट की वजह से बच्चों को नहीं मिला था रिजल्ट

उत्तर प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए भले ही लाख प्रयास कर रही हो। लेकिन, अभी तक बेसिक स्कूलों की स्थिति जस की तस है। बता दें कि बीते सत्र में बच्चों को रिजल्ट नहीं मिला था। क्योंकि शासन की ओर से रिजल्ट का बजट नहीं दिया गया था। बच्चों को मौखिक अंक बताकर उन्हें अगली कक्षा में प्रोन्नत कर दिया गया था।

ये भी पढ़ें:- Animal Release Date: रणबीर कपूर की फिल्म 'एमिनल' की रिलीज डेट आई सामने, अब 'गदर 2' से नहीं होगी टक्कर

संबंधित समाचार