अयोध्या: रामपथ पर उतरे डीएम, तब नींद से जागी निर्माण एजेंसी, लोग बोले- काश पहले आ जाते जिलाधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/अमृत विचार। जिला अधिकारी द्वारा सोमवार को बारिश के बीच रामपथ के निरीक्षण के बाद निर्माण एजेंसी नींद से जागी है। तीन महीने से चल रही सुस्त रफ्तार ने अचानक तेजी पकड़ ली है। वहीं अब तक मजदूरों की कमी और मौसम का हवाला देने की पोल भी खुल गई है। 

सोमवार दोपहर बाद से निर्माण एजेंसी ने नियावां से लेकर अंगूरीबाग तक पूरी ताकत झोंक दी। 13 जेसीबी  के साथ जुटाए गए 150 से अधिक मजदूरों को लेकर पूरी रात काम चला। लोग जब मंगलवार सुबह रोड से गुजरे तो देख कर दंग रह गए। आसपास के लोगों ने कहा कि अगर डीएम पहले निरीक्षण कर लेते तो अब तक संकट न झेलना पड़ता।

निर्माण एजेंसी द्वारा सहादतगंज से लेकर अयोध्या नयाघाट तक चौड़ीकरण के तहत मार्च के अंतिम सप्ताह में खोदाई का कार्य शुरु किया था। तीन महीने के दौरान निर्माण एजेंसी ने पूरी 13 किलोमीटर सड़क पर दोनों ओर सीवर लाइन के लिए नाले और डक्ट खोद डाले लेकिन न मिट्टी हटाई और समतलीकरण का काम छोड़ दिया।

नतीजा बीते तीन महीने से निर्माणाधीन रामपथ पर दुश्वारियां लोगों के लिए बड़ा संकट बन गई। इधर बीच बारिश ने तो और नर्क मचा दिया जिसे लेकर 'अमृत विचार ' ने प्रमुखता से लगातार खबरें प्रकाशित कीं। दो जुलाई रविवार को ' 22  विद्यालयों के विधार्थियों की आज से रामपथ पर अग्निपरीक्षा' शीर्षक से खबर प्रकाशित की। जिसके बाद सोमवार को डीएम नितिश कुमार रामपथ निर्माण से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों की फौज लेकर उतरे।

उन्होंने निर्माण की गति को लेकर चिंता जताते हुए तेजी के निर्देश दिए। जिसके बाद निर्माण एजेंसी को सुधि आई और सोमवार दोपहर से युध्दस्तर पर कार्य शुरु किया है। सोमवार नियावां चौराहे से ले अंगूरीबाग तक जेसीबी गरजती रहीं और मलबा हटाया जाता रहा। तीन सुपरवाइजर के नेतृत्व में टीमें अलग-अलग टुकड़ों में समतलीकरण का काम करतीं रहीं। मंगलवार दोपहर तक नियावां से अंगूरीबाग तक की सड़क समतल की जा चुकी है।

हालांकि बारिश होने के कारण फिर काम बंद करना पड़ा लेकिन फिलहाल चलने लायक स्थिति बन गई। बताया गया कि अब तक 35 प्रतिशत से अधिक काम पूरा कर लिया गया है। जिसमें 21 किमी डक्ट और 8 किलो स्टार्म वाटर और 4 किलोमीटर वाटर पाइप लाइन शामिल हैं। हालांकि एजेंसी के इंजीनियर प्रदीप शुक्ला का कहना है कि अभी आठ किलो पाइप लाइन और 15 किमी डक्ट बिछाने का काम अगस्त तक पूरा किया जाना है।

उन्होंने बताया कि लगातार बारिश हुई तो समय सितम्बर तक जा सकता है। इंजीनियर ने बताया कि समतलीकरण का एक सप्ताह में उदया चौराहे तक समतलीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि डीएम के निरीक्षण के बाद तेजी लाई गई है।

लोग बोले : काश पहले आ जाते जिलाधिकारी
रामपथ के निकटवर्ती क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने डीएम के निरीक्षण के बाद आई तेजी को लेकर व्यंगात्मक प्रतिक्रिया दी है। नियावां के राम आसरे वर्मा, अशोक कुमार, शफीक अंसारी का कहना था कि जिला प्रशासन को पहले ही निरीक्षण कर लेना चाहिए था इतनी छीछालेदर तो न होती। अंगूरीबाग के मनोज अग्रवाल, शोभित शुक्ला और रमेश वर्मा ने कहा कि डीएम ने निरीक्षण न किया होता तो हालात नहीं बदलते। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से निरीक्षण और मानीटरिंग हो तो इतनी दुश्वारियां न हो।

सपाई बोले : अखिलेश के वास्ते समतल हुए रास्ते
मंगलवार को यहां सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दौरा था। यहां अंगूरीबाग आवास विकास कालोनी में पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय के यहां भी उनको आना है। यहां पर पार्टी के कार्यकर्ता बैठे हुए थे। इस दौरान सभी आपस में चुटकी लेने लगे कि अखिलेश जी के वास्ते रातोंरात समतल किए गए रास्ते। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अधिकारियों को भी पता है कब सत्ता पलट जाए इसलिए सोमवार से सब हरकत में आएं हैं।

यह भी पढ़े:-वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची अयोध्या, गोरखपुर से लखनऊ के बीच होना है संचालन  

संबंधित समाचार