Chitrakoot News : बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार… आरोपियों ने ये वारदात कबूली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड।

चित्रकूट में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक मौका देखक फरार हो गया।

चित्रकूट, अमृत विचार। पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के दो आरोपियों को दबोचा है। इनसे तीन समूची और एक कटी बाइक भी बरामद की गई है। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। 

अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक बरगढ़ अंजनी कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की बाइक बेचने के लिए कुछ युवक रीवा (मप्र) से बरगढ़ की ओर आ रहे हैं। इस पर एसओ पुलिस टीम के साथ भोर को रामबाग रोड ग्राम मढ़ा के पास तुरगवां खोहर तिराहे पर इनका इंतजार करने लगे। मंगलवार की सुबह लगभग तीन बजे रामबाग की ओर से तीन बाइकों की लाइट दिखी। दो बाइक चालकों को तो दबोच लिया गया, जबकि पीछे की बाइक का चालक कूदकर जंगल की ओर भाग निकला। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

एएसपी ने बताया कि इनसे पूछताछ में कुबूला कि बाइक चोरी की हैं, जिन्हें वे लोग बरगढ़ में बेचने जा रहे थे। आरोपियों के नाम विपिन सिंह उर्फ नागेश पुत्र रामसूरत सिंह पटेल निवासी ग्राम तेंदुनी थाना अतरैला जिला रीवा और रंचू गौतम पुत्र उमेश कुमार गौतम निवासी गढ़वा थाना मऊ बताए गए हैं। इन्होंने बताया कि भाग गए आरोपी का नाम आशुतोष उर्फ विक्की मिश्रा पुत्र मुन्नालाल मिश्र निवासी अतरैला है, जो गिरोह का सरगना है।

दोनों ने बताया कि कुछ दिन पहले परानू बाबा मंदिर बरगढ़ से एक बाइक चोरी की थी, जिसे काटपीट कर टुकड़ों में खोहर तुरगवां रोड के पास खंडहर में छिपाकर बेचने के लिए रखी है। इसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपियों के खिलाफ बरगढ़ में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। 

आरोपियों की गिरफ्तारी में ये रहे शामिल

बाइक चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी वाली टीम की अगुवाई  प्रभारी निरीक्षक बरगढ़ अंजनी कुमार सिंह ने की। टीम में एसआई प्रभुनाथ सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी रमेश चंद्र, आरक्षी संजीव कुमार, शिवधनी और शिवम मिश्रा शामिल रहे।

संबंधित समाचार