Hamirpur: मेरी गन मर्डर करने के लिए तैयार है… सदर विधायक की हत्या करुंगा या खुद मर जाऊंगा, धमकी मिलने पर किया ये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में सदर विधायक को जान से मारने की धमकी मिली।

हमीरपुर में सदर विधायक सोशल मीडिया में पोस्ट डाल कर जान से मारने की धमकी दी। इस पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की।

हमीरपुर, अमृत विचार। ग्राम पंचायत टेढ़ा के मजरा इसुली के रहने वाले एक युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से सदर विधायक को जान से मारने की पोस्ट डाल कर सनसनी पैदा कर दी है। सदर विधायक ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस अधीक्षक को अवगत करा दिया है। अभी वह प्रदेश से बाहर हैं।वापस आने के बाद कार्रवाई करेंगे। 

ग्राम पंचायत टेढ़ा के मजरा इसुली निवासी सिरफिरे अन्नी भाई उर्फ शिवा पंडित यूपी 91 ने फेसबुक में लिखा है कि मैं बादशाह हूं अपनी झोपड़ी का। किसी का गुलाम नहीं। खलनायक शिवा पंडित। उसने पोस्ट डालकर लिखा है कि उसकी गन मर्डर करने के लिए तैयार है। सदर विधायक की हत्या करुंगा अथवा खुद मर जाऊंगा।

इस पोस्ट के बाद सनसनी फैल गई है। सदर विधायक डा.मनोज कुमार प्रजापति ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को अवगत करा दिया है। अभी वह प्रदेश से बाहर हैं। मुख्यालय वापस आकर लिखित में कार्रवाई करेंगे। विधायक को जान से मारने की धमकी की पोस्ट वायरल होने पर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा हो गई है।

डा.मनोज कुमार प्रजापति पूर्व मंत्री शिवचरन प्रजापति के पुत्र हैं। यह पहली बार भाजपा के टिकट पर सदर विधानसभा सीट से विधायक बने हैं। थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है। विधायक की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। फिर भी युवक को तलाशा जा रहा है।

संबंधित समाचार