अयोध्या: गंगा सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए भावुक हुए अखिलेश, शोक संतप्त परिवार से बोले- मै हूं न..
अयोध्या/अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को सड़क मार्ग से सबसे पहले पूर्व जिला अध्यक्ष गंगा सिंह यादव के पैतृक गांव दोस्तपुररग्घू पहुंचे। यहां उनके तेरहवीं संस्कार में शिरकत करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस दौरान भावुक हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने एक सच्चा ईमानदार और संघर्षशील साथी खो गया।
उन्होंने उनके पुत्र संग्राम सिंह यादव और परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि किसी भी समय कोई भी आवश्यकता हो कहियेगा। परिवार के मुखिया के रुप में मै हूं। उन्होंने स्वर्गीय गंगा सिंह यादव की धर्मपत्नी को हर तरह की सहायता का आश्वासन दिया। यहां काफी देर तक मौजूद रहे सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष परिवार के सदस्य की भूमिका में दिखाई दिए।
इसके बाद वह पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय के अंगूरीबाग स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने उनकी स्वर्गीय धर्मपत्नी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मुलाकात की। इस दौरान पूर्व विधायक के प्रति उनका सम्मान भी देखने को मिला।
उन्होंने महापौर प्रत्याशी रहे डॉ आशीष पांडे दीपू की हौसलाअफजाई भी की। इसके बाद सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार और जनमोर्चा के संपादक रहे स्वर्गीय शीतला सिंह के मकबरा स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने उनके पुत्र एस एन सिंह और परिवार के लोगों से भेंट करते हुए वरिष्ठ पत्रकार के निधन को भारी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि ईमानदार और निष्पक्ष पत्रकारिता का अंत है शीतला सिंह जी का निधन।
उन्होंने कहा कि वह विरले और विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। यहां उन्होंने काफी देर गुजारा और नेताओं के साथ वरिष्ठ पत्रकार दिवंगत शीतला सिंह की यादों को साझा किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, विधायक अवधेश प्रसाद, जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम समेत तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -शिवपाल यादव का बड़ा बयान - चुनाव आने पर खुलती है ओपी राजभर की दुकान, विपक्ष पूरी तरह से एकजुट
