Kanpur: सावन और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के बंदोबस्त तगड़े, पुलिस कमिश्नर ने शिवमंदिरों के निरीक्षण कर दिए ये निर्देश
कानपुर में सावन और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के बंदोबस्त तगड़े।
कानपुर में सावन और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के बंदोबस्त तगड़े। पुलिस कमिश्नर ने शिवमंदिरों के निरीक्षण के सभी को निर्देश दिये।
कानपुर, अमृत विचार। मंगलवार से सावन माह की शुरुआत हो गई है। इस माह में शिवभक्त जितनी श्रद्धा के साथ शिवमंदिर व कांवड़ यात्रा में जाएंगे कमिश्नरेट पुलिस भी उतनी ही चौकसी से उनकी सुरक्षा में मुस्तैद रहेगी। पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार को बैठक करके सुरक्षा प्लान का पूरा खाका खींच डाला। पुलिस कमिश्नर ने सभी से माइक्रो लेवल से जुटकर तैयारियां करने के लिये निर्देशित किया। साथ ही स्पष्ट कहा है किसी भी स्तर पर चूक की कोई गुंजाइश न रहे वरना कारवाई के लिये तैयार रहें।
वर्चुअल बैठक में पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने कहा सभी डीसीपी, एसीपी अपने-अपने क्षेत्रों के मन्दिरों का भ्रमण करते हुए आयोजक गण के साथ बैठक कर छोटी-छोटी समस्याओं पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करते हुए माइक्रो लेवल के आधार पर सभी समस्याओं का निस्तारण कराएं।
सभी मंदिरों में पार्किंग व्यवस्था, बैरीकेडिंग आदि सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराएं। प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधा देना हमारी जिम्मेदारी है। आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो इसका विशेष ध्यान रखते हुए समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
सभी घाटों पर पीएसी बोट जवान व मोटर बोट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंदिरों और घाटों के आसपास सभी थानाध्यक्ष व चौकी इंचार्ज के नंबर अवश्य अंकित कराए जाएं। घाटों पर विशेष रूप से गोताखोरों के मोबाइल नंबर व संबंधित थाना इंचार्ज का नंबर बड़े-बड़े अक्षरों में अंकित कराया जाए।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आनन्द प्रकाश तिवारी ने कहा सभी को सुविधाएं व्यवस्था देना हमारी जिम्मेदारी है पूर्व वर्षो से भी बेहतर व्यवस्था करते हुए मंदिरों व शिवालयों में सुविधाएं दी जाएं। बेहतर सुविधाओं के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी करके सुरक्षा भी पुख्ता की जाए।
आयोजक गणों का वाट्सप ग्रुप बनाया जाए
मन्दिर में पुजारियों व आयोजक गणों का वाट्सप ग्रुप बनाया जाए जिसमें उनके द्वारा समस्याओं को भेजा जाए ताकि तत्काल उसका निस्तारण किया जाए। कांवड़ियों के रूट की व्यवस्था बेहतर हो नगर निगम रूट में प्रकाश व्यवस्था व सफाई व्यवस्था कराना सुनिश्चित करे। कानपुर से गुजरने वाले कांवड़ियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी हमारी है जिसके लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था व पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। घाटों में साफ-सफाई आदि व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए कांवरियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा ना हो इसके लिए घाटों का निरीक्षण कर वहां पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रधानो से बात कर लें कि उनके गांव से कितने लोग कांवड़ लेकर जा रहे हैं अपने जिलों के अलावा आस पास के जिलों को सूचना दी जाए कि उनके जिले से हमारे जिले में लगभग कितने कांवड़ियां गुजरेंगे। उधर सावन और कांवड़ यात्रा के संबंध में यातायात व्यवस्था के लिए डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने साउथ जोन के घाटमपुर सर्किल में सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने बैरिकेडिंग एवं डायवर्जन करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
