शाहजहांपुर: भैंसी नदी का अचानक बढ़ा जलस्तर, पानी के बीच फंसा ट्रक
निर्माणाधीन पुल के कारण नदी से होकर निकाला गया है वैकल्पिक रास्ता
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले की नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं दो सड़कों पर बारिश के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। लखनऊ-पलिया नेशनल हाइवे पर पुवायां-खुटार के बीच स्थित भैंसी नदी पुल के निर्माण के कारण वैकल्पिक रास्ता नदी से होकर बनाया गया है।
बुधवार को लगातार बारिश के कारण नदी में उफान आ गया, जिससे ट्रक पानी के बीच में फंस गया। ट्रक के चालक और हेल्पर भी उसी में फंस गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को निकाला। वहीं पुवायां-बंडा मार्ग से ग्राम सैदापुर को जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़क के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे पुलिस भी बह गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है।
भैंसी नदी का जलस्तर बढ़ने से खुटार-पुवायां मार्ग का सीधा संपर्क कट गया है। अब इन दोनों कस्बों का संपर्क बंडा के रास्ते चालू किया गया है। बता दें कि लखनऊ-पलिया नेशनल हाइवे पर शाहजहांपुर से खुटार तक एनएचएआई की ओर से हाइवे का चौड़ीकरण और भैंसी नदी पर नये पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पुल निर्माण की वजह से सूखी पड़ी नदी से होकर वैकल्पिक रास्ता निकाला गया था। अब बारिश होने से नदी उफनाने से यह मार्ग बंद हो गया है।
वहीं एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने बताया है कि जिले की गर्रा, खन्नौत, गोमती सहित सभी नदियो का जलस्तर बढ़ गया है। हालांकि अभी कहीं भी बाढ़ जैसे हालात नहीं है। बाढ़ और जलभराव से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी हैं।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: खेत में करंट से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
