अयोध्या: नए शिक्षा सत्र में जिले को मिली बड़ी सौगात, 60 स्कूलों को लैपटॉप, 21 में बनेंगे अतिरिक्त कक्ष
प्रथम चरण में समग्र शिक्षा अभियान के तहत मिली सौगात
अयोध्या/अमृत विचार। नए शिक्षा सत्र में समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले को बड़ी सौगात मिली है। शासन ने अयोध्या के साठ प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को टैबलेट और 21 में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए हरी झंडी दे दी है। विभाग के अनुसार अभी प्रथम चरण में चयनित स्कूलों की सूची आई है शेष की शीघ्र आने की संभावना है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित परिषदीय विद्यालयों के पठन पाठन को और बेहतर बनाने के लिए शासन की ओर से कवायद जारी है।
इसके तहत नए शिक्षा सत्र में स्कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है। समग्र शिक्षा अभियान के अब स्कूलों को टैबलेट वितरण करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि टैबलेट का वितरण गत वर्ष ही किया जाना था लेकिन बीच में योजना ड्राप कर दी गई थी। अब पुन: इसे हरी झंडी दी गई है। जिले के सभी ग्यारह ब्लाकों में स्थापित इन साठ स्कूलों में टैबलेट का वितरण शासन से किया जायेगा।
वहीं समग्र शिक्षा के तहत ही 21 परिषदीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए भी निर्देशित किया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय के अनुसार अभी प्रथम चरण के लिए इन स्कूलों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि टैबलेट स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को दिए जायेगें ताकि वह छात्रों को तकनीकी ज्ञान से परिचित करा सके। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त कक्ष निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। गाइडलाइन आने के बाद स्टीमेट और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: युवक की हत्या कर शव हवन कुंड में फेंका, घटनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर को ग्रामीणों ने खदेड़ा
