साहब चाय में दे दिया जहर, मर गया मेरा बेटा.. !

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिता ने बहू के साथ उसके मां-बाप और भाई पर लगाया आरोप

रामनगर /चित्रकूट, अमृत विचार। संदिग्धावस्था में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। युवक के पिता ने अपनी बहू, उसके मां-पिता और भाई पर चाय में जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। उसने इस संबंध में तहरीर भी दी है। 

राजापुर तहसील अंतर्गत छीबों निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसने अपने बेटे मनीष (24) की शादी तीन साल पहले राजापुर थानांतर्गत रगौली गांव में की थी। उसके दो साल की पुत्री भी है। अशोक ने बताया कि मनीष ने मंगलवार को उनको फोन किया कि साला गालीगलौज कर रहा है और वह पत्नी को लेने ससुराल जा रहा है। बताया कि इसके बाद मनीष रात में ही रगौली चला गया था। अशोक के अनुसार, पांच जुलाई की सुबह लगभग साढ़े सात बजे मनीष ने उनको फोन किया और बताया कि उसे उल्टियां हो रही हैं और ऐसा लगता है कि उसे ससुरालियों ने चाय में जहर दे दिया है। उधर, मनीष के ससुर ने उनको फोन कर यह बताया कि मनीष ने जहर खा लिया है। वह उसे मंझनपुर इलाज के लिए ले जा रहे हैं। 

19 (62)

सूचना मिलते ही वह लखनऊ से बुधवार की शाम मंझनपुर पहुंचे तो पता चला कि मनीष की मौत हो गई। अशोक का आरोप है कि बहू के साथ उनके पुत्र के सास-ससुर और साले ने चाय में जहर देकर हत्या की है। वह इनके खिलाफ राजापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। कौशांबी पुलिस ने वहीं के जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया है। 

मारपीट भी की गई
अशोक ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ ससुरालीजनों ने मारपीट भी की। बताया कि बेटे का साला अक्सर उससे अभद्रता करता था और पत्नी भी अक्सर मायके चली जाती थी। 

कौशांबी क्यों ले गए, यह भी सवाल
अशोक ने बेटे के ससुरालीजनों पर इस बात पर सवाल उठाया है कि जब मनीष की तबीयत खराब हो गई तो वे उसे राजापुर के अस्पताल क्यों नहीं ले गए और उसे लगभग 37 किमी दूर मंझनपुर के अस्पताल में क्यों भर्ती कराया। अशोक का यह भी आरोप है कि ये लोग मनीष का पहले एक झोलाछाप के यहां इलाज कराते रहे और इससे उसकी तबीयत और बिगड़ गई। 

परेशान था मनीष
मनीष नमामि गंगे परियोजना के तहत पाइप लाइन का काम कराने वाले ठेकेदार के साथ पाइप फिटिंग का काम करता था। उसके सहकर्मियों ने बताया कि मनीष बीते दिन बहुत परेशान था और उसने छुट्टी मांगी थी। जब उससे पूछा गया कि छुट्टी क्यों ले रहे हो, तो उसने कहा था कि पत्नी बहुत परेशान करती है, लगता है मर जाऊंगा।  

मोबाइल भी है गायब
लखनऊ में एक निजी बैंक में कार्यरत अशोक ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का मोबाइल भी गायब है। आशंका जताई कि बहू ने मोबाइल रख लिया है। उनको बहू की भूमिका पर संदेह है, जो पति को देखने अस्पताल तक नहीं पहुंची। अशोक ने बताया कि उनके दो बेटों में बड़ा चंद्रपाल बीमार रहता है और घर की जिम्मेदारी मनीष पर ही थी।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : श्रावण मास में यूपी से हरिद्वार के लिए चलाई जायेंगी 250 रोडवेज बसें

संबंधित समाचार