शाहजहांपुर: रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे ग्रामीण
फोटो- कीलापुर गांव में जानवरों के सहारे नदी पार करते ग्रामीण।
मिर्जापुर, अमृत विचार। रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ तटवर्ती गांव के लोगों की धड़कनें बढ़ने लगी हैं। ग्रामीणों को नदी पार करने में मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। कीलापुर गांव के लोगों ने प्रशासन से नाव उपलब्ध कराने की मांग की है।
मिर्जापुर क्षेत्र में रामगंगा नदी हर साल तबाही मचाती है। रामगंगा हजारों हेक्टेयर फसल बर्बाद करने के साथ बेशकीमती जमीन को भी अपने आगोश में समा लेती है। नदी के कटान के चलते तटवर्ती गांव के लोगों की ज्यादातर जमीन नदी के दूसरे छोर के पार पहुंच गई है। जिसके चलते ग्रामीणों को रोजाना नदी पार करना पड़ने को मजबूर होना पड़ रहा है।
कीलापुर निवासी राम सिंह ने बताया कि इस समय तिल व उर्द की बुवाई चल रही है। जिसके चलते नदी पार खेती के लिए किसान रोजाना जान जोखिम में ङालकर जानवरों की पूंछ पकड़कर नदी पार करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा एक दशक पूर्व उपलब्ध कराई नाव टूटकर नष्ट हो गई है। गांव निवासी नरपति, उदयवीर, मीनू, रामकरण, तेजपाल, ब्रजपाल, मुनेश आदि ने प्रशासन से नदी पार करने के लिए नाव उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कोलाघाट पुल पर आवागमन शुरू कराने के लिए धरने पर बैठे ग्रामीण
