बरेली: खटीमा के व्यापारी को बंधक बनाकर मांगी पांच लाख की रंगदारी
पीड़ित के बहनोई ने पुलिस की मदद से आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया, सेटेलाइट बस अड्डे पर पुलिस ने आरोपी महिला और उसके साथी को लिया हिरासत में
बरेली, अमृत विचार: महिला और उसके साथी ने खटीमा के जूता व्यापारी का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। व्यापारी ने अपने बहनोई से पांच लाख रुपये पहुंचाने को कहा। शक होने पर व्यापारी के बहनोई ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जाल बिछाकर सेटेलाइट बस अड्डे के पास से व्यापारी को मुक्त कराकर महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: बिना पंजीकरण चल रहे होटल और गेस्ट हाउस पर जल्द होगी कार्रवाई, पर्यटन विभाग के नेतृत्व में जांच करेगी टीम
इस प्रकरण में जूता व्यवसायी के बहनोई की तहरीर पर पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। बीसलपुर निवासी मोहित मित्तल ने बताया कि वह सीमेंट का व्यवसाय करते हैं और उनका कार्यालय स्टेडियम रोड पर है। बुधवार को खटीमा निवासी उनके साले आलोक अग्रवाल का फोन आया और बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया है।
आरोपी पांच लाख रुपये मांग रहे हैं। अनहोनी की आशंका के चलते मोहित ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। उधर पुलिस के कहने पर मोहित ने आरोपियों को सेटेलाइट बुला लिया।
आरोपी महिला मुन्नी निवासी किला छावनी और उसका साथी सतवीर निवासी खाई खेड़ा इज्जतनगर उनके साले को लेकर सेटेलाइट बस अड्डे पहुंचे। इसी दौरान दरोगा रामरतन सिंह और दुष्यंत त्यागी ने अन्य पुलिस कर्मियों की मदद से महिला और उसके साथी को दबोच लिया। पुलिस महिला और उसके साथी से पूछताछ कर रही है।
जांच में सामने आया आपत्तिजनक वीडियो बना ब्लैकमेल करने का मामला: दरोगा दुष्यंत त्यागी ने बताया कि आलोक अग्रवाल का खटीमा में जूते का शोरूम है। वह आरोपी महिला को जानते हैं। महिला के बुलाने पर वह नकटिया में उसके आवास पर चले गए। वहां महिला ने आलोक का वीडियो बना लिया और वायरल करने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग करने लगी।
इसमें महिला का साथी भी सहयोग करने लगा। बदनामी के डर से आलोक ने अपने बहनोई मोहित को सूचना दी। पुलिस की जांच में मामला वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सामने आया है।
पुलिस की गिरफ्त में आते ही तोड़ दिया मोबाइल: पुलिस ने जब महिला और उसके सहयोगी को सेटेलाइट बस अड्डे के पास से पकड़ा तो आरोपी युवक ने अपना मोबाइल तोड़ दिया। जिससे जो भी सुबूत हैं वह मिट जाएं। हालांकि पुलिस ने टूटे हुए मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। इससे पहले भी आरोपी कई बार भय दिखाकर लोगों से वसूली कर चुके हैं।
महिला ने खटीमा के व्यापारी को मिलने के नकटिया बुलाया था। वहां महिला ने वीडियो बना लिया और पांच लाख रुपये की मांग की। सूचना पर व्यापारी को छुड़ा लिया गया और महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।- अभिषेक कुमार सिंह - इंस्पेक्टर बारादरी
ये भी पढ़ें - बरेली: बिल्डर्स के घरों पर फरारी का नोटिस चस्पा, कराई गई मुनादी
