गोंडा: स्कूल निर्माण में अनियमितता पर जेई और ठेकेदार के खिलाफ F.I.R. दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा/अमृत विचार।‌ छपिया के प्राथमिक विद्यालय तेजपुर में बन रहे जर्जर भवन का लिंटर दरकने के मामले में कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता व निर्माण करा रहे ठेकेदार के खिलाफ छपिया थाने में एफआईआर दर्ज करायी गयी है। डीएम नेहा शर्मा ने मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश पर हरकत में आए बेसिक शिक्षा विभाग के समग्र शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक निर्माण ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज करायी।

art

छपिया ब्लाक के मॉडल प्रायमरी स्कूल तेजपुर में 10.28 लाख रुपये की लागत से जर्जर कक्षा कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है। इस भवन की दीवार खड़ी हो चुकी है। कुछ दिन पहले ही छत डालने को लिये इस पर लिंटर ढाला गया था। मंगलवार को तेज बारिश के बीच यह लिंटर की दीवार दरक गयी थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए‌ प्रदर्शन किया था और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। डीएम नेहा शर्मा ने मामले में बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

डीएम के निर्देश पर हरकत में आए समग्र शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक निर्माण विद्या भूषण द्विवेदी ने शुक्रवार को कार्यदायी संस्था सिडको के अवर अभियंता अतुल कुमार मिश्रा व निर्माण करा रहे गायत्री ट्रेडर्स के ठेकेदार राजन पांडेय के खिलाफ छपिया थाने मे एफआईआर दर्ज करायी है। छपिया थानाध्यक्ष सतानंद पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।

ये भी पढ़ें -गोंडा: प्यार में मिला धोखा तो सुसाइड के लिए रेलवे ट्रैक पर दौड़ पड़ी युवती, सिपाही ने बचाई जान, देखें Video

संबंधित समाचार