Kanpur में बिजली व्यवस्था धड़ाम, 14 फीडरों में फॉल्ट से सात लाख लोग परेशान, हर 15 मिनट में जाती रही लाइट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में 15 मिनट के बाद गुल होती रही बिजली।

कानपुर में 15 मिनट के बाद गुल होती रही बिजली। करीब 14 फीडरों में फॉल्ट से सात लाख लोग परेशान हुए। दिन भर में 300 से अधिक बार ट्रिपिंग हुई।

कानपुर, अमृत विचार। शहर के 14 फीडर क्षेत्रों में फॉल्ट से करीब सात लाख लोग गर्मी और उमस से बेहाल रहे। सुबह तो जैसे तैसे चल गया, लेकिन दोपहर में हालात और खराब हो गए। बिजली की सप्लाई 15-15 मिनट के लिए हुई और फिर संकट गहरा गया। दिनभर में 300 से अधिक बार ट्रिपिंग हुई।

केस्को की लापरवाही की वजह से हर दिन शहर के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। केस्को के अधिकारी प्रतिदिन हो रहे फॉल्ट और ट्रांसफार्मर पर बढ़ते जा रहे लोड को कम करने का इंतजाम नहीं कर रहे हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को उठना पड़ रहा है। गुरुवार को अफीम कोठी, ईदगाह,  कंपनी बाग, गुजैनी, नौबस्ता, देहली सुजानपुर, कारवालो नगर, रैना मार्केट, रविदासपुरम, वैश्नवी विहार, वरुण विहार, बसंत विहार, उस्मानपुर, किदवई नगर, रतनपुर, अंबेडकरपुरम, कल्याणपुर, यूनाइटेड नगर फीडर में फॉल्ट होने की वजह से बिजली सात से आठ घंटे तक गुल रही।

करीब सात लाख लोगों को पेयजल समेत अन्य समस्यों का सामना करना पड़ा। साथ ही तीन सौ से अधिक बार ट्रिपिंग की भी समस्या लोगों को झेलनी पड़ी। केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत के मुताबिक अशोक नगर, हर्ष नगर, गीता पार्क और नर्सिग होम फीडर की सीटी क्षतिग्रस्त होने से बिजली करीब दो घंटे प्रभावित हो गई थी, जिसे दुरुस्त कर सप्लाई चालू की गई। पांच फीडरों में कुछ घंटों के लिए शटडाउन लिया गया था। लोड बढ़ने व तकनीकी खराबी आने पर फूलबाग, नौबस्ता व विकास नगर में तीन ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। कंट्रोल रूम में आई 95 में से 62 शिकायतों का निस्तारण किया गया।

संबंधित समाचार