बरेली पीएम आवास: पात्र को अपात्र दिखाने पर सचिव निलंबित
बरेली, अमृत विचार : प्रधानमंत्री आवास के लिए पात्र होने के बावजूद अपात्र बताकर सूची से नाम काटने वाले सचिव नन्हे खां को परियोजना निदेशक की जांच रिपोर्ट पर निलंबित हो गया है। डीएम के आदेश पर डीपीआरओ ने निलंबन के बाद उसे भोजीपुरा ब्लॉक में अटैच कर दिया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: दिखे एमआर तो अब होगी एफआईआर, सीएमएस ने अस्पताल में नोटिस चस्पाए
दमखोदा ब्लॉक के गांव बेरिया जशोदा की पुष्पा देवी ने 10 मार्च को डीएम से शिकायत की थी कि वह जिस मकान में रहती हैं, उसमें उनके पति और उनके दो भाइयों के अलग-अलग कमरे हैं। सचिव नन्हे ने उनसे 20 हजार रुपये मांगे थे जो न देने पर पात्रता सूची से उनका नाम काट दिया, पति के दोनों भाइयों को आवास मिल गया।
डीएम के आदेश पर डीआरडीए के पीडी तेजवंत सिंह ने गांव पहुंचकर जांच की तो पुष्पा के आरोप सच पाए गए। उन्होंने इसके बाद सचिव को पुष्पा का आवास व्यक्तिगत रूप से न बनवाने पर निलंबन की चेतावनी दी थी। इसके बाद कई दिनों तक कार्रवाई थमी रही।
पिछले दिनों अमृत विचार ने सचिवों के भ्रष्टाचार के मामले प्रकाशित किए जिसके बाद डीएम के निर्देश पर सचिव को निलंबित कर दिया गया। डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सचिव को निलंबित कर भोजीपुरा बीडीओ से एक महीने में विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
ये भी पढ़ें - बरेली: चौकीदार को बंधक बनाकर राइस मिल में चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
