Hamirpur और Etawah में कहर बनकर गिरी आाकशीय बिजली, किसान समेत दो की मौत, एक झुलसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर और इटावा में बिजली गिरने से हुआ हादसा।

हमीरपुर और इटावा आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी। हादसे में किसान समेत दो की मौत हो गई। जबकि एक झुलस गया।

हमीरपुर, अमृत विचार। थानाक्षेत्र के लखौदा गांव में शनिवार को मवेशी चरा रहे वृद्ध व एक अन्य बारिश होने पर पेड़ के नीचे खड़े हो गए। वहीं तीन बकरियां भी खड़ी हो गईं। इस बीच आकाशीय बिजली गिरने से पड़ोसी पशुपालक की तीन बकरियों की मौत हो गई। वहीं वृद्ध व साथ खड़ा युवक बुरी तरह से झुलस गया। वृद्ध की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। जबकि युवक का इलाज चल रहा है।  

क्षेत्र के लखौदा गांव निवासी बच्चू सिंह यादव (65) पुत्र प्रताप यादव अपनी भैंस लेकर खेतों की तरफ चराने गया था। तभी सुबह 11 बजे बरसात होने पर चिल्ला के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया वहीं गांव निवासी रामकुमार खड़ा था। तभी गांव के विनोद की तीन बकरियां मृतक बच्चू के पास आकर खड़ी हो गईं। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ अकाशीय बिजली पेड़ के ऊपर गिरने से तीनों बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं पास खड़ा वृद्ध बच्चू सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके पास खड़े रामकुमार यादव भी झुलस गया। सूचना मिलने पर परिजन आनन फानन कुरारा सीएचसी लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान बच्चू की मौत हो गई। इस घटना के बाद पहुंचे राजस्व विभाग के लेखपाल रमेश निषाद ने बताया कि बकरियों के पीएम के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी से कहा गया है। पीएम होने के बाद दैवीय आपदा का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामकुमार हल्का-फुल्का ही झुलसा है।

आकाशीय बिजली से भैंस की मौत, चरवाहा बाल बाल बचा

आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस की मौत मौके पर हो गई। वही मवेशी चरा रहे चरवाहों की बिजली की चमक से आंखें चका चौंध हो गई वहीं बाल-बाल बचा चरवाहा।

कोतवाली क्षेत्र के गांव टिकरी में गुरुवार के दिन खेतों में जानवर चरा रहे चरवाहे दोपहर बाद बादल छाए और बारिश होने लगी थोड़ी ही देर में बड़ी जोर से के साथ आकाशीय  बिजली गिर गई और टिकरी गांव निवासी मनीराम की खेतों में चर रही भैंस के ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई।भैंस की मौत मौके पर हो गई किसान की कीमती भैंस मौत की खबर सुनते ही ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा होने लगी।वही कुछ दूरी पर अपने जानवर चरा रहे चरवाहों की आकाशीय बिजली की चमक से आंखें चकाचौंध हो गई और लोग बाल बाल बचे ।

इटावा में किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत

भरथना तहसील के अंतर्गत शनिवार की दोपहर ग्राम जबरपुरा में खेतों पर धान की फसल तैयार कर रहे किसान के ऊपर बारिश के बीच तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना से किसान के परिजनों में चीख पुकार मच गई। प्रशासनिक  अधिकारियों ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी।

ग्राम जबरपुरा निवासी किसान हरनाथ सिंह 47 वर्ष पुत्र स्व महाराज सिंह अपने खेतों पर धान की फसल लगाने की तैयारी कर रहा था। अचानक बरसात शुरू होने के साथ तेज गड़गड़ाहट के बीच आकाशीय बिजली सीधे किसान हरनाथ सिंह  के ऊपर जा गिरी। आसपास अन्य खेतों पर कृषि कार्य कर रहे किसानों ने  दौड़कर उसके  परिजनों को अवगत कराया। परिजनों में चीख-पुकार के साथ कोहराम मच गया।

मृतक किसान अपने पीछे पत्नी सरला देवी,दोनो पुत्र सुमित 26 वर्ष,अमित 22 वर्ष छोड़ गया है। भरथना उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत,तहसीलदार अशोक कुमार सिंह,पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास जावला,प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र राठी,क्षेत्रीय लेखपाल सहित पुलिस जवान मौके पर पहुंचे । घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर अग्रिम कार्यवाही शुरू करदी है।

संबंधित समाचार