Unnao News: खुद के अपहरण व हत्या की साजिश रचने वाला शातिर गिरफ्तार, किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया था युवक
उन्नाव के बिहार क्षेत्र में खुद के अपहरण व हत्या की साजिश रचने वाले शातिर को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
उन्नाव के बिहार क्षेत्र में खुद के अपहरण व हत्या की साजिश रचने वाले शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर साजिश रचते हुए भगा ले गया था।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के बिहार थानांतर्गत आकमपुर गांव में बीते 11 दिन पहले रहस्यमय ढंग से लापता हुए युवक व किशोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैर प्रांत से दोनों को सकुशल बरामद किया है। पूरे घटना को लेकर एएसपी ने पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए बताया कि युवक ने शादी करने के लिए रहस्यमय तरीके के खुद की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की कार्यवाही शुरू की है।
पुलिस लाइन सभागार में एएसपी शशि शेखर सिंह ने बताया कि बीती 27 जून को थानाक्षेत्र के आकमपुर गांव निवासी सोहन लाल लोधी अपनी दुकान से लापता हो गया था। दुकान व आसपास मिले खून के दाग को लेकर युवक के परिजनों ने हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताते हुए गांव के ही तीन लोगों को नामजद कर दो अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी थी। जबकि आरोपियों ने भी बाद में युवक व उसके पिता आदि को नामित कर अपनी नाबालिग बेटी को गायब करने की तहरीर दी थी।
दोनों पक्षों से आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाने के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति हो गई और माहौल बवाल तक पहुंच गया था। जिसके बाद आक्रोश बढ़ता देख अफसर पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और परिजनों से बात कर जल्द ही दोनों की बरामदगी का आश्वासन दिया था। इधर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी थी।
एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना ने घटना के खुलासे को स्वाट व सर्विलांस टीम को भी एक्टिव किया था। करीब 11 दिन बाद टीम को गैर प्रांत में युवक व किशोरी की लोकेशन मिली। इसके बाद टीम ने उन्हें बरामद किया। जिसमें सोहनलाल पुत्र रमईलाल निवासी गांव आकमपुर थाना बिहार गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
