अयोध्या: सरयू के बढ़ते जलस्तर से कटान तेज, बलुइया के बाद रामपुर पुआरी जद में
पूराबाजार, अयोध्या/अमृत विचार। सरयू नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर से बाढ़ प्रभावित गांव में कटान जारी है। शनिवार को बलुइया माझा के बाद अब रविवार को रामपुर पुआरी माझा में आधा दर्जन मकान कटान की कगार पर है। प्रशासनिक स्तर पर अब तक बाढ़ प्रभावित इलाके में कोई व्यवस्था नहीं की गई।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के मूडाडीहा माझा, उरदहवा, सलेमपुर, पूरे चेतन, पिपरी संग्राम, बस्ती माझा, मड़ना मांझा ,बलुइया माझा, सेवरहवा लोनियाना, गिलेंट, मदरहिवा, रामपुर पुआरी माझा, पनसैवा, नई दुनिया, धनी का पुरवा, कादीपुर माझा समेत कई गांवो में बाढ़ के पानी से कटान तेज हो गई है।
बलुइया माझा, के बाद अब रामपुर पुआरी माझा में श्याम सुंदर निषाद, कोमल निषाद, अशोक निषाद, सुनील निषाद, रामफूल निषाद, चंद्रावती निषाद समेत कई लोगों का मकान कटान की जद में है। 6 लोगों का मकान नदी की धारा से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। कटान कितनी तेज है कि ये मकान कभी भी नदी में समा सकते हैं। रामपुर पुआरी माझा के प्रधान रमेश निषाद बताते हैं कि नदी में पानी भरने के साथ कटान तेज हो गई है। मकान के साथ जमीन भी कट रही है।
अभी प्रशासनिक स्तर पर बाढ़ क्षेत्र में बचाव के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। इस बाबत लेखपाल रामपुर पुआरी सौरभ पांडे ने बताया कि कटान के कगार पर जो मकान हैं उनके मालिकों को सतर्क किया गया है और बताया गया है कि गृहस्थी का सामान अन्यत्र कहीं व्यवस्थित कर लें।
यह भी पढ़ें:-बहराइच में चली तबादला एक्सप्रेस: आठ चौकी इंचार्ज समेत 14 के कार्य क्षेत्र में बदलाव, देखें लिस्ट
