Kanpur Dehat Murder : चचेरे भाई ने बुजुर्ग दंपति की डंडे से पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी सरेंडर करने पहुंचा DM दफ्तर
कानपुर देहात में चचेरे भाई ने बुजुर्ग दंपति की डंडे से पीट-पीटकर की हत्या।
कानपुर देहात में चचेरे भाई ने बुजुर्ग दंपति की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी डीएम दफ्तर सरेंडर करने पहुंचा।
कानपुर देहात, अमृत विचार। जिले में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। चिरखि़री गांव में घर के बाहरी कमरे में सो रहे बुजुर्ग दंपती की चचेरे भाई ने विवाद के चलते लकड़ी के डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी। दोनों के शव चारपाई पर रविवार सुबह खून से लथपथ पड़े मिले। मौके पर पहुंचे आईजी व एसपी ने छानबीन की। वहीं आरोपी को माती कलक्ट्रेट परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के चिरखिरी गांव निवासी रामप्रकाश (70) शनिवार की देर शाम घर के बाहरी कमरे में पत्नी मालती (68) के साथ अलग-अलग चारपाई पर सो रहे थे और दरवाजा खुला हुआ था। देर रात पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई मोहन ने दंपति की डंडे से सिर पीट-पीटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। रविवार की सुबह परिजनों को जानकारी हुई तो कोहराम मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सीओ डेरापुर शिव ठाकुर व थाना प्रभारी एसएन सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
मृतक के जनपद इटावा में पुत्र सुमित ने बताया कि चचेरे ताऊ मोहन शनिवार शाम को पिता से गालीगलौज कर रहा था। जिसपर 112 नंबर डायल कर पुलिस बुलाई थी। कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया था।
घटना की जानकारी पर आईजी कानपुर प्रशांत कुमार व एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति मौके पर पहुंचे और घटना के बावत जानकारी ली। उन्होंने आरोपी की धरपकड़ के निर्देश दिए। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए। मंगलपुर थाना प्रभारी शिवनारायन सिंह ने बताया कि मृतक दंपति के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
मृतक रामप्रकाश का चचेरे भाई मोहन नशे की हालत में अक्सर गालीगलौज करता था। वह शनिवार रात को भी गाली दे रहा था। जिसपर मृतक ने पुलिस बुलाई थी। इसी बात को लेकर रात में मोहन ने रामप्रकाश व उसकी पत्नी की हत्या की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।- बीबीजीटीएस मूर्ति पुलिस अधीक्षक
हत्या के बाद सरेंडर करने पहुंचा डीएम दफ्तर
चिरखिरी गांव में दंपति की हत्या के बाद आरोपी मोहन फरार हो गया था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी चकमा देता रहा। बताया जाता है कि मोहन सरेंडर करने के लिए सबसे पहले माती जिला न्यायालय पहुंचा, लेकिन रविवार का अवकाश होने के चलते वह डीएम दफ्तर पहुंच गया। इसी दौरान एसओजी प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने सूचना पर टीम के साथ आरोपी को डीएम कार्यालय के बाहर बने प्रतीक्षालय कक्ष से धर दबोचा।
