अयोध्या : बसों में गंदगी मिली तो अधिकारी होंगे जिम्मेदार
साफ़-सफाई को लेकर परिवहन निगम ने जारी किया कड़ा निर्देश
अयोध्या, अमृत विचार। रोडवेज बसों में साफ़-सफाई को लेकर रामनगरी के ऐतिहासिक सावन झूला मेला और कांवड़ यात्रा के लिए परिवहन निगम मुख्यालय ने कड़ा दिशा-निर्देश जारी किया है। पत्र में बसों में गंदगी मिलने पर अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार करार देने और कठोर अनुशासनिक कार्यवाही की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि मानसून का सीजन होने के चलते बरसात हो रही है और इस दौरान रोडवेज बसों में गंदगी की समस्या आम हो गई है। परिवहन निगम की ओर से बसों की सफाई-घुलाई एवं साफ-सुथरी बसों के संचालन के संबंध में समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किया जाता रहा है। सावन मेला और कांवड़ यात्रा को लेकर परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ के मुख्य-प्रधान प्रबन्धक (प्राविधिक) की ओर से साफ़-सफाई को लेकर क्षेत्रीय प्रबन्धक,सेवा प्रबन्धक, सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक को पत्र जारी किया गया है। जारी पत्र में कहा गया है कि कावड़ यात्रा एवं श्रावण मास मेला के तमाम लोग निगम की बसों में यात्रा कर रहे हैं। बरसात का मौसम होने के कारण भी मार्ग पर संचालित बसें गंदी हो रही है। ऐसे में डिपो कार्यशाला स्तर पर सफाई-घुलाई के साथ ही मार्ग पर पड़ने वाले बस स्टेशनों पर भी गंदी निगम की बसों एवं अनुबन्धित बसों की साफ-सफाई कराया जाय। निरीक्षण के दौरान इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पायी जायेगी अथवा गंदगी की शिकायत आएगी तो संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे और उनके खिलाफ अर्थदण्ड लगाते हुए कठोर अनुशासनिक कार्यवाही की जाएगी।
एमडी की वीसी के चलते पहले दिन का ट्रेड टेस्ट टला
मंगलवार 11 जुलाई को परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक की प्रस्तावित वीडियो कांफ्रेंसिंग को लेकर निगम मुख्यालय ने लखनऊ क्षेत्रीय कार्यशाला में मंगलवार को होने वाला ट्रेड टेस्ट स्थगित कर दिया है। अब 11 जुलाई को होने वाला ट्रेड टेस्ट 14 जुलाई को पूर्व निर्धारित व्यवस्था के तहत होगा। गौरतलब है कि विभाग में जूनियर फोरमैन के पद पर तैनात कर्मियों को सीनियर फोरमैन ग्रेड 2 में प्रोन्नति के लिए परिवहन निगम मुख्यालय ने 11 से 13 जुलाई के बीच ट्रेड टेस्ट आयोजित किया है। पहले दिन क्षेत्र से एक जूनियर फोरमैन को प्रतिभाग के लिए लखनऊ जाना था, लेकिन कार्यक्रम में संशोधन के बाद प्रतिभागी जूनियर फोरमैन राममूरत सुमन को 14 जुलाई को टेस्ट के लिए जाने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : एसजीपीजीआई की दवाएं बेअसर, इसलिये डॉक्टर लिख रहे हैं हमारी दवा, निजी कंपनी के एजेंट का दावा
