बरेली: योग दिवस की रिपोर्ट न भेजने पर प्रवेश प्रक्रिया रोकने की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। राजभवन के निर्देश पर एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों को योग दिवस की रिपोर्ट 5 जुलाई तक भेजने के निर्देश दिए थे। 267 महाविद्यालयों ने समय पर रिपोर्ट नहीं भेजी तो विश्वविद्यालय ने सख्त चेतावनी जारी की कि यदि रिपोर्ट नहीं भेजी गई तो कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पर रोक लगाई जा सकती है। जिन कॉलेजों ने रिपोर्ट नहीं दी, उनमें बरेली के 54 हैं। इनमें कई मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज भी हैं।

कुलसचिव की ओर से स्ववित्त पोषित कॉलेजों के प्राचार्यों, प्रबंधकों, सचिवों और निदेशकों को पत्र जारी किया कि राजभवन के निर्देश के तहत विश्वविद्यालय ने 5 जुलाई को विश्व योग दिवस के संबंध में प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे लेकिन कॉलेजों ने प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए। ऐसे में कॉलेज जल्द से जल्द लेटर पेड पर ईमेल या फिर संबद्धता विभाग के संबंधित पटल सहायकों के व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराएं, नहीं तो कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया रोकने संबंधी कार्रवाई की जाएगी।

प्रमाण पत्र के साथ कॉलेजों के 10 अलग-अलग फोटो भी भेजने थे। प्रमाण पत्र में योग दिवस पर कार्यक्रम में कितने छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों और उनके परिजनों ने भाग लिया।विश्वविद्यालय से संबद्ध नौ जिलों में बरेली के 54, बिजनौर के 59, बदायूं के 22, अमरोहा के 26, मुरादाबाद के 30, पीलीभीत के 15, रामपुर के नौ, शाहजहांपुर के 38 और संभल के 14 कॉलेजों ने रिपोर्ट नहीं भेजी थी।

20 तक है आवेदन की अंतिम तिथि
महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पंजीकरण हो रहे हैं। विश्वविद्यालय ने 17 जून से 6 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की थी। इसके बाद तिथि को बढ़ाकर 20 जुलाई कर दिया गया है। अब तक करीब 55 हजार पंजीकरण हो चुके हैं। सबसे अधिक पंजीकरण बीए में प्रवेश के लिए हुए हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का प्रोफेसर बताकर छात्र से 30 लाख ठगे, रिपोर्ट दर्ज

 

 

संबंधित समाचार