उन्नाव : धारदार हथियार से वार कर पति ने की पत्नी की हत्या
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव सदर कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह में रविवार देर रात पति पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। हत्या की सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल कर कड़ी कार्यवाही की बात कही है।
कोतवाली किला चौकी के अंतर्गत ईदगाह पत्थर कटा कॉलोनी निवासी शिबू खान (36) पुत्र इशरत अली का उसकी 34 वर्षीय पत्नी शाइस्ता परवीन से बीती देर रात किसी बात को लेकर आपसी झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद आक्रोश में आकर पति ने उस पर धारदार हथियार (चाकू) से गले पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पत्नी के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े और घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर सदर कोतवाली प्रभारी अश्वनी मिश्रा चौकी इंचार्ज प्रदीप यादव के साथ घटनास्थल पर पहुंचे जहां गंभीर घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर हत्या की जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह सीओ सिटी आशुतोष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मोहल्ले के लोगों से घटना को लेकर जानकारी हासिल की। पुलिस ने आरोपी पति शिबू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला की हत्या को लेकर जांच की जा रही है तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा और कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : सावन के पहले सोमवार पर मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भींड़
