अयोध्या: बीएड परीक्षा हुई नहीं, बिहार शिक्षक भर्ती में आवेदन फंसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। बिहार सरकार द्वारा घोषित शिक्षक भर्ती को लेकर डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्विद्यालय के बीएड छात्र संकट से घिरे हैं। विश्वविद्यालय द्वारा अब तक बीएड परीक्षा न कराए जाने से करीब 25 हजार छात्रों की नौकरी पाने का सपना टूट सकता है। इसे लेकर छात्र एक सप्ताह से विश्विद्यालय प्रशासन से गोहार लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
  
गौरतलब हो कि बिहार सरकार की ओर से नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती निकाली गई है। इसमें 79943 शिक्षकों की भर्ती की जानी है। खास बात यह है कि बिहार सरकार की ओर से जारी सूचना के अनुसार पहली बार गैर प्रांतों के अभ्यर्थियों को भी भर्ती में अवसर दिया गया है। 

हालांकि शर्त यह है कि भर्ती में वही बीएड छात्र आवेदन कर सकते हैं जिनकी परीक्षा 31 जुलाई से पहले हो गई हो। अब इसे लेकर डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्विद्यालय के बीएड छात्र संकट में है। विश्वविद्यालय द्वारा अन्य कक्षाओं की परीक्षा तो कराई जा रही है लेकिन बीएड परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। 

बता दें कि अवध विश्विद्यालय से सम्बद्ध बीएड बीएड कालेजों की संख्या करीब 257 है जिनमें कुल 25 हजार बीएड छात्र अध्ययनरत हैं। बीएड छात्र प्रशांत कुमार का कहना है कि यदि जुलाई से पहले परीक्षा नहीं हुई तो बिहार भर्ती में आवेदन से वंचित हो जायेगे। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश में कोई शिक्षक भर्ती नहीं है ऐसे में रोजगार के लिए जो अवसर मिल है उससे महरूम हो जायेगें। 

छात्र संदीप ने बताया कि बिहार सरकार ने बीएड अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षा 31 जुलाई से पूर्व होने की शर्त रखी है ऐसे में यदि एक सप्ताह के अंदर परीक्षा हो जाती है तो वह आवेदन कर सकते हैं। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को दो तीन बार प्रार्थना पत्र दिया गया है लेकिन अभी परीक्षा तिथि घोषित नहीं हुई। वहीं मीडिया प्रभारी डॉ विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया कि परीक्षा फार्म भराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संभवतः 31 जुलाई से पूर्व परीक्षा तिथि घोषित कर दी जाएगी।

यह भी पढ़ें:-Sawan Somwar 2023: श्रावण के पहले सोमवार को शिवमय हुई संगमनगरी, चौतरफा बोल बम की गूंज

संबंधित समाचार