Sawan 2023 : सावन में जटाधारी, तुम पर हम बलिहारी, Auraiya के देवकली समेत कई मंदिरों में भक्तों की भीड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया के देवकली मंदिर में हजारों की संख्या में शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक।

औरैया के देवकली मंदिर में हजारों की संख्या में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। घंटा-घड़ियाल व बम भोले के जयकारों से शिवालय गुंजायमान रहे।

औरैया, अमृत विचार। सावन का पहला सोमवार, मंदिरों में बेलपत्र, जल-दूध, भांग धतूरा का अंबार, मन में श्रद्धा अपार और चारों ओर बम-भोले की जयकार का नजारा सोमवार को शहर के शिवालयों में देखने को मिला। वहीं, बम-बम भोले के जयकारे जनपद में गुंजायमान हुए। हर तरफ घंटा-घडियाल की गूंज हो रही थी। वहीं, शहर के देवकली मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया गया था। प्रशासन की ओर से सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता इंतजाम किये गये थे। 

सोमवार को शहर के देवकली मंदिर में बोल बम, हर हर महादेव, जय शिव शंकर के उद्घोष, ढोल की ध्वनि के बीच सावन के पहले सोमवार पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को तड़के चार बजे देवकली मंदिर के पट खुल गए। इसके बाद पूजा-अर्चना को शिवभक्तों की लंबी कतारें लग गईं। कोई जल, कोई दूध तो कोई बेलपत्र चढ़ाकर भगवान शिव का अभिषेक करता नजर आया।

देवकली मंदिर में जनपद के अलावा जालौन, कन्नौज, कानपुर देहात, उरई, इटावा, मैनपुरी, कानपुर नगर समेत कई जनपदों के भक्त शिव आराधना करने पहुंचे। इसके अलावा दो माह तक चलने वाले सावन माह में कोई वारदात न हो, इसके लिए एसपी चारू निगम ने एक अस्थाई चौकी का भी निर्माण कराया है। इस चौकी पर दो एसआई व चार पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। किसी प्रकार की समस्या होने पर पीड़ित चौकी पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

सावन के पहले सोमवार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। खानपुर चौराहे से ही बड़े वाहनों पर रोक लगाई गई थी। इसके अलावा मंदिर परिसर से एक किलो मीटर दूर पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं पर दुपहिया व चार पहिया वाहन खड़े किये गये। इसके अलावा पांच स्थानों पर बैरीकेटिंग की भी व्यवस्था रही।

 

संबंधित समाचार