बरेली: बिना अनुमति के सड़कों को खोदा, जल निगम कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कर्मचारियों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। शहर की सड़कों को बिना अनुमति के खोदने पर बरेली स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने जल निगम कर्मचारियों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चौकी चौराहे से चौपुला तक सड़क को स्मार्ट सिटी ने बनाया था लेकिन जल निगम ने सड़क को खोदकर गड्ढेदार बना दिया। इससे स्मार्ट सिटी को एक लाख 26 हजार 633 रुपये की हानि हुई है। बरेली स्मार्ट सिटी लिमिटेड के लिए पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता संजीव कुमार ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चौकी चौराहा से एडीएम कंपाउंड होते हुए चौपुला तक जा रहे मार्ग को जल निगम ने खोद डाला था। चौकी चौराहे के पास सीवर लाइन डालकर सड़क बनाने के नाम पर ऊपर से ही मिट्टी डालकर पाट दिया फिर उसी पर तारकोल युक्त गिट्टी बिछा दी थी।
बारिश के बीच भारी यातायात चलने से चौकी चौराहे पर सड़क धंस गई। यही हाल एडीएम कंपाउंड के पास खोदाई करने से भी हुआ और चौपुला चौराहे पर भी खोदाई करने के बाद सड़क धंस गई। इससे राहगीरों को पिछले एक सप्ताह से परेशानी हो रही थी। अमृत विचार ने 6 जुलाई के अंक में जल निगम अफसरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने की खबर प्रकाशित की थी।
लगातार सड़क खोदने से कमिश्नर ने भी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिये थे कि कोई भी विभाग सड़क खोदने से पहले संबधित एजेंसी से इसकी अनुमति लेगा फिर अपना काम करेगा। इस निर्देश का पालन जल निगम ने नहीं किया था और 3 जुलाई को ही एडीएम कंपाउंड के पास फिर से सड़क को खोद डाला था।
इस सड़क की खोदाई मौखिक आदेश पर सुभाष नगर पुलिया के पानी को ट्रक लाइन से जोड़ने के लिए की गई थी। कमिश्नर को बिना अनुमति सड़क खोदने की जानकारी मिली तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। इसी के बाद स्मार्ट सिटी ने सड़क बनाने में हुए नुकसान का आंकलन करते हुए रिपोर्ट तैयार की। उसी आधार पर सोमवार को जल निगम कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- बरेली: प्रतिबंध के बाद भी कई क्षेत्रों में दौड़ रहे भारी वाहन, सावन में किया गया है रूट डायवर्जन
