Kanpur News : जरीब चौकी पर जल्द बनेगा मल्टी डायमेंशन पुल, सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी व एनएचएआइ विभाग ने किया सर्वे
कानपुर के जरीब चौकी पर जल्द बनेगा मल्टी डायमेंशन पुल।
कानपुर के जरीब चौकी पर जल्द मल्टी डायमेंशन पुल बनेगा। जिसके लिए सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी व एनएचएआइ विभाग ने सर्वे किया। पुल की डिजाइन विभाग ने मंडलायुक्त को सौंपी।
कानपुर, अमृत विचार। जरीब चौकी रेलवे क्रासिंग पर फोरलेन मल्टी डायमेंशन पुल का वर्ष 2018 में 123 करोड़ रुपये प्रोजक्ट तैयार किया गया था। उत्तर प्रदेश सेतु निर्माण निगम सर्वे कर इसकी डिजाइन तैयार कर मंडलायुक्त व निगम मुख्यालय को भेजी। मुख्यालय के परीक्षण के बाद वित्तीय कमेटी की स्वीकृति के बाद धनराशि आवंटित की जाएगी।
शहर में क्रासिंग के कारण लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार तो आधे-आधे घंटे तक जाम में वाहन रेंगते रहते है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर के बीच से निकली जीटी रोड पर गोल चौराहे से लेकर रामादेवी तक एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी तेज हो गई है।
वहीं जरीब चौकी क्रासिंग के कारण जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए फोरलेन मल्टी डायमेंशन पुल का निर्माण कार्य ने तेजी पकड़ ली है। पुल के निर्माण के लिए सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी व एनएचएआई के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सेतु निगम ने डिजाइन तैयार कर मंडलायुक्त व निगम मुख्यालय को सौंप दी है।
मल्टी डायमेंशन फोरलेन पुल का एक हिस्सा अफीम कोठी ब्रह्म मंदिर के पास उतरेगा। वहीं दूसरा हिस्सा जरीब चौकी क्रासिंग पार करने के बाद 400 मीटर की दूरी पर जीटी रोड पर उतरेगा। जिससे घंटाघट, अफीम कोठी की तरफ से आने वाले लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी। मुख्यालय पर परीक्षण करने के बाद डीपीआर स्वीकृति के लिए लोक निर्माण विभाग को भेजा जाएगा। वहां वित्तीय कमेटी की स्वीकृति के बाद धनराशि आवंटित होगी।
रेल मंत्रालय दे चुका है मंजूरी
जरीब चौकी क्रासिंग हर दिन 50 से अधिक बार बंद होती है। इससे लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए फोरलेन मल्टीडायमेंशन पुल के निर्माण की योजना पिछले साल बनी थी और प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। उधर रेल बजट में भी पुल को मंजूरी मिली है। जल्द ही इसे हरी झंडी मिल जाएगी।
कारोबार में मिलेगा लाभ
इस पुल के बनने के बाद जरीब चौकी चौराहे पर क्रासिंग बंद होने से जीटी रोड पर लगने वाला जाम भी समाप्त होगा। यातायात को गति मिलने से कारोबारियों को भी लाभ होगा। जाम के कारण उन्हें भी रोजगार करने में दिक्कत आती है।
