कानपुर से लेकर दिल्ली तक गया… पर किसी ने मुझे नौकरी नहीं दी, ट्रेन के आगे कूदा युवक, परिजनों ने सिस्टम को कोसा
उन्नाव में नौकरी न मिलने से आहत युवक ट्रेन के आगे कूदा।
उन्नाव में नौकरी नहीं मिलने से परेशान युवक ने सुसाइड नोट लिखकर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के बीघापुर निवासी एक युवक बुधवार को गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के ऋषि नगर केबिन के पास पहुंचा। जहां उसने डाउन लाइन से जा रही चित्रकूट एक्सप्रेस के आगे छलांग लगा दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने जांच कर शव कब्जे में लिया और उसके परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मृतक के पास से डायरी में सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
बता दें कि बीघापुर थानाक्षेत्र के गांव रुझेई निवासी लव कुश का बेटा नीरज नौकरी के लिए काफी दिनों से प्रयास कर रहा था। उसने दिल्ली से लेकर कई जगहों पर जाकर नौकरी के लिए आवेदन किया था। लेकिन उसे नौकरी नहीं मिली। जिससे आहत होकर बुधवार सुबह वह ऋषि नगर केबिन के पास पहुंचा जहां पोल संख्या 66/14 के पास डाउन लाइन से जा रही चित्रकूट एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। इसमें उसकी मौके पर मौत हो गई।
बीच ट्रैक पर शव पड़ा होने से इसकी जानकारी अपलाइन से जा रही मेमू के लोको पायलट ने गंगाघाट स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ व गंगाघाट पुलिस को मेमो भेजा। जिस पर गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
इस दौरान युवक के पास डायरी में सुसाइड नोट बरामद हुआ। जिसमें लिखा था कि मुझे नौकरी नहीं मिल रही है। दिल्ली समेत कई जगह गया लेकिन किसी ने मुझे नौकरी नहीं दी। इसीलिए मैं अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहा हूं। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उसके परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
