Kanpur News : सर! बोरे में लाश रखकर ठिकाने लगाने जा रहे है, फिर हुआ ऐसा कुछ, जो आपको भी कर देगा हैरान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में चाची की हत्या से फैली सनसनी।

कानपुर के महाराजपुर थाने में एक ओला ड्राइवर बोरे में शव रखने की सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची।

कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली गांव में संपत्ति के विवाद में भतीजों ने चाची की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरा और फिर बाइक से लेकर हाईवे पहुंच गए। एक ओला (टैक्सी) में शव रखने के दौरान चालक ने बोरे से खून टपकता देखा तो पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंची, तब तक लाश भरे बोरे के साथ आरोपी फरार हो गए। चकेरी एसीपी अमरनाथ महोली घटनास्थल पहुंचे और परिवार वालों से पूछताछ की।

महोली गांव की रहने वाली 55 वर्षीय कुसुम अपने पति रामचंद्र के साथ प्रतापगढ़ के लीलापुर में रहती थी। महोली गांव में रामचंद्र का छोटा भाई और उसके बेटे बबलू और आशू रहते हैं। संपत्ति में हिस्सा लेने के लिए कुसुम 20 साल बाद तीन दिन पहले ही गांव आई थीं। उनका हिस्सा हड़पने की नीयत से बबलू और आशू ने हत्या की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने नोएडा में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार से बात की।

रिश्तेदार नोएडा से ओला टैक्सी लेकर सोमवार की देर रात महाराजपुर हाईवे पहुंचा। इधर, आशू और बबलू ने कुसुम की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव बोरे में भर लिया और शव ठिकाने लगाने के लिए बाइक से हाईवे पहुंच गए।

बताते हैं कि हत्यारोपियों ने ओला टैक्सी चालक से डिग्गी खोलने को कहा। चालक ने डिग्गी खोली, लेकिन बोरे से खून टपकता देख उसके होश उड़ गए। चालक ने नोएडा से आए रिश्तेदार और दोनों बाइक सवारों को टैक्सी से उतारा और मौके से भाग निकला। चालक ने महाराजपुर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।

महाराजपुर पुलिस फौरन हरकत में आई और सूचना एसीपी चकेरी अमरनाथ यादव को दी गई। पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तीनों लाश भरे बोरे के साथ फरार हो चुके थे। पुलिस ने ओला चालक से पूछताछ करने के बाद मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।

आखिर कहां गई लाश, तलाश में जुटी पुलिस

आखिर लाश कहां गई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। एसीपी अमरनाथ यादव ने बताया कि भरतपुर (राजस्थान) निवासी ओला चालक दीपक कुमार की सूझबूझ से हत्या का सुराग तो मिल गया है, लेकिन अब लाश बरामद करना और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी करना बाकी है। संभावना है कि आरोपी लाश भरा बोरा बाइक से लेकर भागे हैं। उनकी तलाश के लिए काबिंग की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर शव बरामद किया जाएगा।

 

संबंधित समाचार