Unnao Theft: चोरों ने मंदिर को बनाया निशाना, लाखों की अष्टधातु की मूर्तियां की पार, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव के एक मंदिर में चोरी।

उन्नाव के पुरवा के त्रिपुरारपुर गांव में ठाकुर द्वारा से चोर अष्टधातु की मूर्तियां चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल की जांच की है।

उन्नाव, अमृत विचार। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव त्रिपुरारपुर में बने प्राचीन ठाकुर द्वारा को मंगलवार रात चोरों ने निशाना बनाते हुए अष्टधातु की दो मूर्तियां पार कर दीं। सुबह संचालक जब मंदिर की सफाई करने पहुंचे तो मूर्तियां गायब देख उसके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी पर ग्रामीणों का मजमा लग गया।

सूचना पर पुलिस, फील्ड यूनिट व फोरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। स्निफर डाग भी मंदिर के आसपास चक्कर लगाकर लौट आया। संचालक ने पुलिस को दी तहरीर में मूर्तियों की कीमत लाखों में बताई है। चोरी के खुलासे के लिये पुलिस के अलावा एसओजी को भी लगाया गया है।

पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव त्रिपुरारपुर निवासी संजय त्रिपाठी का घर प्राचीन ठाकुरद्वारा के पास है। इसमें राम, लक्ष्मण, सीता, कृष्ण व राधा की काफी वजनी मूर्तियां स्थापित थीं। बीती देरशाम आरती के बाद मंदिर का गेट बंद कर रोज की तरह इसमें ताला लगा दिया गया। बुधवार भोर मंदिर के बाहर सफाई के लिए संजय का छोटा भाई भीमशंकर ठाकुर द्वारा आया तो मेन गेट पर ताला लगा था लेकिन अंदर का गेट खुला दिखा तो शक होने पर उसने भाई को बुलाया। ताला खोलकर अंदर जाने पर सीता व राधा की मूर्तियां गायब थीं।

घटना की जानकारी पर कोतवाल सुरेश सिंह डाग स्क्वाएड व फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। मेन गेट बंद होने के बावजूद हुई चोरी पर पुलिस ने जांच की तो पता चला ठाकुरद्वारा के बगल में उमेश द्विवेदी का मकान बंद रहता है और मंदिर की छत से नीचे आने के लिए बने जीने में दरवाजा नहीं है। आशंका है कि पीछे की दीवार से चोर ठाकुरद्वारा की छत पर गए और फिर जीने के रास्ते नीचे आए। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है। कोतवाल ने बताया कि राधा और सीता की मूर्तियां चोरी हुई हैं। जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार