सब्जियों के बढ़े दाम… होने लगी चोरी, फतेहपुर में टमाटर, अदरक और लहसुन गायब, पांच हिरासत में, जानें- पूरा मामला
फतेहपुर में सब्जी चोरी में पांच को पुलिस ने हिरासत में लिया।
फतेहपुर में टमाटर, अदरक और लहसुन की चोरी कर ली। पीड़ित ने तहरीर दी तो पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
फतेहपुर, अमृत विचार। सब्जियों की कीमतों में आई तेजी जो न कराए। बढ़ी कीमतों की वजह से टमाटर, अदरक और लहसुन जहां थाली से दूर होता जा रहा है वहीं अब इसकी चोरी भी शुरू हो गई है। इन सब्जियों की चोरी का ताजा मामला औंग का है। यहां कल्याणपुर थाना के साई गांव निवासी सब्जी विक्रेता राम जी की सब्जी की दुकान से दो दिन पहले अदरक, टमाटर और लहसुन की चोरी हुई। पीड़ित ने तहरीर दी तो पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
सब्जियों की कीमत लगातार बढ़ रही है। इस हर कोई परेशान है। सब्जियों की चोरी न हो इसका प्रबंध भी दुकानदार कर रहे हैं, लेकिन साई निवासी रामजी की दुकान में घुसे चोरों ने एक पेटी टमाटर , 30 किलोग्राम लहसुन , एक बोरी हरी मिर्च और 25 किलोग्राम अदरक चुरा लिया और फरार हो गए। सुबह जब राम जी को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से पहले ही पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। बाजार स्थित एक दुकान पर कम दर पर टमाटर, अदरक, हरी मिर्च और लहसुन की बिक्री हो रही थी।
पुलिस को इसी बात से शक हुआ तो सब्जी विक्रेता और उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। एसओ कल्याणपुर सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद मामला स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
