Kannauj News: ठठिया में कारोबारी की फैक्ट्री पर एसआईबी का छापा, बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की बात सामने आई
कन्नौज के ठठिया में कारोबारी की फैक्ट्री पर एसआईबी का छापा।
कन्नौज के ठठिया में कारोबारी की फैक्ट्री पर एसआईबी ने छापा मारा। एक दर्जन गाड़ियों के साथ फैक्ट्री में अधिकारी घुसे। बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी मिलने की बात सामने आई।
कन्नौज, अमृत विचार। ठठिया कस्बे के बड़े कारोबारी की फैक्ट्री में बड़ी संख्या में एसआईबी टीम ने एक दर्जन गाड़ियों के साथ छापा मारा। टीम दोपहर से लगातार फैक्ट्री में अभिलेखों की जांच कर रही है। अचानक छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कस्बे के छोटे व बड़े दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। बाजार पूरी तरह से बन्द हो गई। सूत्र बताते हैं कि टीम को फैक्ट्री में भारी टैक्स चोरी मिलने की संभावना है।
बुधवार को साढ़े 11 बजे कानपुर, इटावा और फर्रुखाबाद की संयुक्त एसआईबी टीम के अधिकारियों ने कस्बे के बड़े कारोबारी शैलेन्द्र अग्निहोत्री उर्फ राजू की ठठिया थाने के सामने स्थित प्लास्टिक बारदाना फैक्ट्री में छापा मारा। एक दर्जन से अधिक गाड़ियों का काफिला घुस गया। टीम के साथ बाहरी के अलावा स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। टीम की छापेमारी की खबर कुछ ही देर में चारो ओर फैल गई।
देखते ही देखते कस्बा सहित पट्टी में भी दुकानदारों ने अपने शटर गिरा कर ताले लगा दिए। टीम ने कारोबारी के पेट्रोल पंप, ईंट भट्ठा पर भी जांच पड़ताल की। देर शाम तक टीम फैक्ट्री में ही मौजूद रही। मीडिया कर्मियों ने अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया पर किसी ने भी कुछ नहीं बताया। यही नहीं मीडिया से अधिकारियों ने बात करने से मना करते हुए फैक्ट्री में प्रवेश नहीं दिया।
बताया जाता है कि शैलेंद्र अग्निहोत्री ने कम समय में अच्छा खासा कारोबार शुरू कर दिया। जानकार बताते हैं कि शैलेंद्र के यहां करोड़ों रुपये का कारोबार नियमित होता है। इसी जानकारी पर टीम ने फैक्ट्री व पंप के अलावा ईंट भट्ठे पर एक साथ छापेमारी की है। टीम को इस छापेमारी में खासी टैक्स चोरी मिली है। इसीलिए टीम लगातार छानबीन में जुटी है। भले ही टीम ने अभी तक इसका खुलासा नहीं किया है। टीम से संपर्ककरने का प्रयास किया गया पर बात नहीं हो सकी।
