रामपुर में पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद, दुष्कर्म पीड़िता ने जहर खाकर दे दी जान
स्वार थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला, 11 जुलाई को विधवा के साथ हुआ था दुष्कर्म, सूचना के बाद गांव पहुंचे एएसपी, मायके वालों की तहरीर पर दो नामजद कर रिपोर्ट दर्ज
स्वार (रामपुर), अमृत विचार। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर दुष्कर्म पीड़िता ने जहर खाकर जान दे दी। आनन-फानन में दूसरे दिन पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर दुष्कर्म, धमकाने और आत्महत्या के लिए उकसाने में आरोपी और उसकी पत्नी पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। परिजनों ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
मसवासी चौकी में बुधवार रात दुष्कर्म पीड़िता ने तहरीर दी थी, जिसमें बताया था कि मंगलवार रात वह अपने घर में दो बच्चों के साथ सो रही थी। विधवा का आरोप था कि गांव का फाजिल पुत्र गुलाम मोहम्मद घर में घुस आया। उसके साथ गाली गलौच कर मारपीट की। विरोध किया तो फाजिल ने तमंचा निकाल लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की वीडियो भी बना ली।
दुष्कर्म करने के बाद आरोपी पीड़िता का मोबाइल भी छीनकर ले गया। शिकायत करने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए फरार हो गया। बुधवार को पीड़िता ने नामजद कर तहरीर दी थी, लेकिन मसवासी चौकी इंचार्ज ने पीड़िता को टरका दिया। आरोपी के परिजन विधवा महिला के घर पहुंच गए। तहरीर वापस न लेने पर विधवा महिला को अंजाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने से क्षुब्ध विधवा महिला ने गुरुवार सुबह जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। आनन-फानन में परिजन उसे सीएचसी ले गए। चिकित्सक ने महिला की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां रास्ते में ही पीड़िता ने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आनन फानन में आरोपी फाजिल व उसकी पत्नी शबाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विधवा की मौत के बाद पुलिस अब जांच में जुटी है, जबकि इससे पहले पुलिस ने पीड़िता को चौकी से भगा दिया था।
आरोपी दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में आारोपियों के घर पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - डा. संसार सिंह, एएसपी।
ये भी पढ़ें : रामपुर : दोस्तों के साथ नहाने गया किशोर डूबा, तलाश जारी
