बरेली: यात्रियों की जेब पर बढ़ेगा बोझ, तीन दिन के लिए बढ़ा रोडवेज का किराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डायवर्जन लागू होने के बाद बढ़ेगा यात्रियों की जेब पर बोझ

बरेली, अमृत विचार। कांवड़ यात्रा को लेकर गुरुवार की रात से एक बार फिर से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। जिससे रोडवेज बसों की दूरी भी बढ़ गई है। ऐसे में तीन दिन तक अब कई रूटों पर यात्रियों को बढ़े हुए किराए के साथ सफर करना पड़ेगा।

रूट डायवर्जन होने के चलते रोडवेज बसों से यात्रा की दूरी बढ़ गई है। दिल्ली रूट पर जाने वाली बसें नरियावल और बड़ा बाईपास होकर जा रही हैं। वहीं पुराने बस अड्डे से रवाना होने वाले बसों को अयूब खां चौराहा, चौकी चौराहा, बियावानी कोठी, मालियों की पुलिया, सेटेलाइट होकर गुजारा जा रहा है। लखनऊ रूट पर जाने वाली बसें नरियावल और ट्रांसपोर्ट नगर के बाद फरीदपुर होकर जा रही हैं।

आगरा की ओर आने-जाने वाली रोडवेज बसें मिलक, रामपुर, शाहबाद, बिलारी, बबराला, नरौरा, अलीगढ़ होते जा रही हैं। बदायूं वाली बसें लाल फाटक, रामगंगा, अखा, गैनी, अलीगंज, आंवला, कुंवर गांव से होकर जा रही हैं।

ऐसे में दूरी बढ़ने से बदायूं के लिए 12 रुपये, दिल्ली के लिए 42 और देहरादून के लिए 79 तो आगरा के लिए 17 रुपये किराया बढ़ाने के साथ अन्य रूटों पर भी किराया बढ़ा दिया गया है। एआरएम संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि रूट डायवर्जन होने के बाद बसों का किराया बढ़ा दिया गया है। मंगलवार की सुबह से पहले की तरह ही किराया यात्रियों से लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बरेली: लोगों को कम राशन देना कोटेदार को पड़ा भारी, FIR दर्ज 

संबंधित समाचार