शाहजहांपुर: सफाई कर्मचारियों ने कोतवाली का घेराव कर किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सफाई कार्य करने के दौरान पार्षद पति से विवाद के बाद भड़का गुस्सा, पार्षद पति पर सुविधा शुल्क मांगने का लगाया आरोप

शाहजहांपुर, अमृत विचार। सफाई कार्य के दौरान सफाई कर्मचारी का पार्षद पति से विवाद हो गया। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंचकर पार्षद पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सफाई कर्मचारी ने आरोप लगाया कि पार्षद पति सुविधा शुल्क की मांग कर रहे थे, रुपये नहीं देने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं।

शहर के मोहल्ला बक्सरिया में संविदा सफाई कर्मचारी नंदकुमार सुबह ड्यूटी पर कार्य कर रहे थे, इसी बीच पार्षद पति शेखर रस्तोगी आ गए। नंदकुमार का आरोप है कि पार्षद पति सुविधा शुल्क मांगने लगे। मना करने पर जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां  देने लगे और कहा कि अगर हमारे वार्ड  में ड्यूटी करना है, तो सुविधा शुल्क देना पड़ेगा। तभी नंद कुमार ने अपने साथियों को सूचना दी।

अपने साथी को लेकर सफाई कर्मचारियों में गुस्सा फूट गया। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री मुरारीलाल भास्कर के नेतृत्व में लगभग 500 सफाई कर्मचारियों ने  कोतवाली घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने को लेकर तहरीर दी गई। कोतवाल ने मामले की जांच की बात कहकर टरका दिया।

वहीं सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाएगी और गिरफ्तारी नहीं की जाएगी, तब तक नगर निगम के सभी सफाई कर्मचारी स्थाई, संविदा, आउटसोर्स कर्मचारी काम बंद हड़ताल पर रहेंगे। इस अवसर पर अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र कटारिया, महामंत्री अवनीश कुमार उर्फ लालू, उत्तर प्रदेशीय

सफाई मजदूर संघ  के जिलाध्यक्ष अजय प्रधान, भावदास भीम के प्रदेश अध्यक्ष आकाश आनंद, संविदा नेता मनोज गंगा, संविदा नेता अमित बाल्मीकि, सफाई नायक रामबाबू, सफाई नायक, राजकुमार, सफाई नायक इफ्तिखार हुसैन, सफाई नायक रवि, सफाई नायक रजनीश कुमार, सफाई नायक अर्जुन, सफाई नायक सुनील वरिष्ठ समाजसेवी रामकृपाल उर्फ मानू आदि लोग उपस्थित रहे।

प्रकरण को लेकर मेयर से मुलाकात हुई थी, उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिसके बाद हड़ताल को समाप्त कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को सफाई कर्मचारी विवाद के बाद हड़ताल पर रहे, लेकिन शुक्रवार को हड़ताल नहीं रहेगी। सभी सफाई कर्मचारी पूर्व की भांति काम करते रहेंगे।- रमेश चंद्र कटारिया, जिलाध्यक्ष भारतीय सफाई मजदूर संघ

सफाई कर्मचारी आए थे, पार्षद पति पर सुविधा शुल्क लगाने का आरोप लगाया है। तहरीर दी है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।- केबी सिंह, इंस्पेक्टर, चौक कोतवाली।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: फ्रीजर से पानी पीते समय छात्र की करंट से मौत, मचा कोहराम

संबंधित समाचार