लखनऊ : यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र के दूरी निर्धारण में नहीं आयेगी समस्या, नये ऐप पर फोटो करनी होगी अपलोड
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में परीक्षा केद्रों के दूरी निर्धारण में अब कोई दिक्कत नहीं आयेगी। इसके लिए विभाग की तरफ से नया मोबाइल ऐप विकसित किया गया है।
दरअसल, साल 2023 में हुई यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान निर्धारित केंद्रों में सबसे ज्यादा आपत्ति दूरी को लेकर दर्ज की गई थीं। बताया जा रहा है कि बोर्ड के निर्देश पर मोबाइल एप के जरिये विद्यालयों के बीच की दूरी दर्ज की गई थी, लेकिन एप पर जो दूरी दर्ज हुई थी, हकीकत में वह दूरी काफी ज्यादा हुआ करती थी। इसके अलावा स्कूलों में उपलब्ध कमरों की संख्या, फर्नीचर समेत अन्य जानकारी गलत देना भी शामिल था। इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि साल 2024 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए गाइड लाइन जारी कर दी गई हैं।
परीक्षा के लिए केंद्र बनाये जाने के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा की तरफ से सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजा गया है। जिसमें साफ तौर पर कहा गया है कि साल 2024 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण के लिए सभी विद्यालयों में मौजूद सुविधाओं की सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड करना जरूरी है। इसके लिए वेबसाइट को क्रियाशील कर दिया गया है। इसके अलावा विद्यालय के बीच की दूरी निर्धारित करने के लिए एपीआई युक्त नया ऐप भी बनाया गया है। ऐप में विद्यालय की फोटो अपलोड करनी होगी। इस ऐप का नाम वर्जन-10 बताया जा रहा है। इस ऐप में खास बात यह है कि फोटो अपलोड करते ही लोकेशन परिषद के सर्वर पर अपने आप अपलोड हो जायेगा। जिससे परीक्षा केंद्र के दूरी निर्धारण में कठिनाई नहीं आयेगी।
यह भी पढ़ें : सोनभद्र पेशाब कांड : दलित युवक के कान में किया पेशाब, आरोपित गिरफ्तार
